जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार ने उठाया कदम, रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने का दिया आदेश
LPG Cylinder Refill Rule, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट टेंशन के बीच सरकार ने गैस की जमाखोरी रोकने के लिए बड़ा कदम उठाया है। ब उपभोक्ता एक सिलेंडर डिलीवर होने के बाद दूसरा सिलेंडर 21 दिन के बजाय 25 दिन बाद ही बुक कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि वेटिंग पीरियड को 25 दिन करने से बेवजह की बुकिंग पर लगाम लगेगी। इससे उन लोगों को आसानी से सिलेंडर मिल सकेगा जिन्हें वाकई जरूरत है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार सरकारी सूत्रों ने कहा कि ऐसे मामले सामने आए हैं कि जो लोग पहले 55 दिनों में एलपीजी सिलेंडर बुक करते थे, उन्होंने अब 15 दिनों में सिलेंडर बुक करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा सरकार ने रिफाइनरियों को एलपीजी प्रोडक्शन बढ़ाने का आॅर्डर दिया है और कमर्शियल कनेक्शन के बजाय घरेलू एलपीजी को प्रायोरिटी देने का भी आॅर्डर दिया है। सूत्रों ने कहा, घरेलू कंज्यूमर हमेशा प्रायोरिटी रहेंगे, क्योंकि भारत और एलपीजी पार्टनर ढूंढ रहा है।
फिलहाल नहीं बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल बढ़ोतरी के आसार नहीं हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 130 डॉलर प्रति बैरल के पार नहीं जाती, तब तक घरेलू बाजार में कीमतें स्थिर बनी रहेंगी। वर्तमान अनुमानों के अनुसार, कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहने की उम्मीद है।
देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है
र्इंधन की सप्लाई को लेकर सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश के किसी भी पेट्रोल पंप पर तेल की किल्लत नहीं है। सप्लाई चैन पूरी तरह सामान्य है। भविष्य में किसी भी संभावित संकट से निपटने के लिए भारत ने स्ट्रेट आॅफ होर्मुज के अलावा अन्य रास्तों से कच्चे तेल की सोर्सिंग तेज कर दी है। इससे समुद्री मार्ग में किसी भी तनाव की स्थिति में सप्लाई में रूकावट नहीं आएगी।
देश के पास एटीएफ का पर्याप्त स्टॉक
विमानों में इस्तेमाल होने वाले एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ को लेकर भी सरकार ने स्थिति साफ की है। अधिकारियों ने कहा कि देश के पास एटीएफ का पर्याप्त स्टॉक है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
ये भी पढ़ें: अमेरिकी-इजराइल और ईरान जंग पर संसद के दोनों सदनों में हंगामा

