साउथ ब्लॉक में आज शाम होगी कैबिनेट की अंतिम बैठक
South Block PMO (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : देश के इतिहास में आज एक और बड़ा बदलाव उस समय होगा जब शाम को साउथ ब्लॉक से बदलकर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) सेवा तीर्थ में चला जाएगा। आज शाम को प्रधानमंत्री चार बजे कैबिनेट की अंतिम बैठक साउथ ब्लॉक स्थित पीएमओ में लेंगे। जिसके बाद विधिवत रूप से साउथ ब्लॉक से प्रधानमंत्री कार्यालय को सेवा तीर्थ पर बदल दिया जाएगा। आपको बता दें कि आजादी के बाद से लगतार 78 साल से ज्यादा समय तक साउथ ब्लॉक या साउथ सदन से ही देश से जुड़ा हर छोटा व बड़ा, आम और खास फैसला लिया जाता रहा है।
इस तरह से देखा जाए तो आजाद भारत से लेकर विकसित भारत की दहलीज तक पहुंचे भारत की गौरव गाथ का साक्षी साउथ ब्लॉक रहा है। साउथ ब्लॉक में पीएमओ के साथ विदेश और रक्षा मंत्रालयों के दफ्तर भी मौजूद रहे हैं। इस तरह से यह न केवल भारत की राजनीति, कूटनीति और सुरक्षा के बड़े फैसलों का यही केंद्र रहा है।
शाम को सेवा तीर्थ से संबोधित करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर करीब 1:30 बजे ‘सेवा तीर्थ’ परिसर का नाम अनावरण करेंगे। इसके बाद वे ‘सेवा तीर्थ’ और कर्तव्य भवन-1 व 2 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। शाम को यहां एक सार्वजनिक कार्यक्रम भी होगा जहां पीएम मोदी संबोधन देंगे। यह परिसर सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इसमें पीएमओ के अलावा कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का कार्यालय भी होगा।
नए डिजाइन में तैयार किया गया सेवा तीर्थ
‘सेवा तीर्थ’ में डिजिटल रूप से जुड़े कार्यालय, जन-संपर्क क्षेत्र और केंद्रीकृत रिसेप्शन जैसी सुविधाएं हैं। यह इमारत पर्यावरण-अनुकूल है और कर्मचारियों की भलाई पर ध्यान दिया गया है। विभिन्न मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय होगा। इससे शासन अधिक कुशल, सुलभ और पारदर्शी बनेगा। पुराने साउथ ब्लॉक से अलग यह नया परिसर आधुनिक भारत की छवि पेश करेगा।
ये भी पढ़ें : Bangladesh Voting Result Live : बांग्लादेश चुनाव में बीएनपी को पूर्ण बहुमत

