MT Jalveer Victims, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: ओमान तट के पास अमेरिकी हमले का शिकार हुए पोत के सभी 20 भारतीय क्रू मेंबर्स सुरक्षित भारत लौट आए हैं। अमेरिकी नौसेना ने 11 जून को टैंकर एमटी जलवीर पर हमला किया था। ओमान में भारतीय दूतावास के मुताबिक हमले के बाद ओमान की नेवी ने भारतीय नाविकों को सुरक्षित तट तक पहुंचाया था। गुरुवार को सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया था। मस्कट में भारतीय मिशन ने सोमवार को यह जानकारी दी।
ओमान सरकार व भारतीय दूतावास का आभार जताया
भारतीय चालक दल के सदस्यों ने लोगों की दुआओं व मदद के लिए ओमान सरकार व भारतीय दूतावास का आभार जताया है। क्रू मेंबर्स ने बताया कि ओमानी अधिकारियों के साथ भारतीय मिशन ने भी तुरंत प्रतिक्रिया दी और चालक दल के सभी सदस्यों को टाइम से बचाया। उन्होंने कहा, इसके लिए हम दिल से उनका आभार व्यक्त करते हैं।
लौटने से पहले मस्कट में की मुलाकात : भारतीय राजदूत
ओमान में भारतीय राजदूत प्रशांत पिसे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने एमटी जलवीर के भारतीय क्रू मेंबर के सभी 20 सदस्यों से नई दिल्ली लौटने से पहले मस्कट में मुलाकात की और उनके सुरक्षित घर पहुंचने की ईश्वर से कामना की। प्रशांत पिसे ने बताया कि भारतीय मिशन संकट में फंसे हर भारतीय की मदद व उनकी सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए बचनबद्ध है।
भारतीय दूतावास ने शेयर की वीडियो क्लिप
प्रशांत पिसे के कार्यालय द्वारा बचाए गए चालक दल के सदस्यों की एक वीडियो क्लिप भी शेयर की गई और कहा कि एमटी जलवीर पर मौजूद सभी भारतीय क्रू मेंबर अब सुरक्षित अपने घर वापस जा चुके हैं। इसके बाद भारत सरकार व पीड़ितों के परिजनों राहत की सांस ली और बचाव अभियान में शामिल सभी एजेंसियों का आभार जताया है।
ये भी पढ़ें : NEET Re-Exam: केंद्र सरकार ने टेलीग्राम ऐप पर लगाई अस्थाई रोक

