पाकिस्तानी हमलों को भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया निंदनीय, गत दिवस हुए हमलों में कई अफगानी नागरिकों की हुई थी मौत
Afghanistan-Pakistan Conflict (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : भारत ने पाकिस्तान द्वारा हाल ही में अफगानिस्तान पर किए हमलों की निंदा करते हुए इस कार्रवाई को पूरी तरह से गलत बताया है। ज्ञात रहे कि सोमवार को पाकिस्तान ने यह दावा किया था कि उसके द्वारा अफगानिस्तान के आतंकी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की गई। जिसमें 29 अफगानी आतंकी मारे गए। वहीं अफगानिस्तान ने यह दावा किया था कि पाकिस्तान ने एक बार फिर से अफगानिस्तान के नागरिक इलाकों को निशाना बनाते हुए हमला किया है।
जिसमें उसके कई नागरिक मारे गए जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल थे। इन हमलों पर प्रतिक्रिया विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत, पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के क्षेत्र पर किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है। इन हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कई नागरिकों की मौत हुई है। पाकिस्तान की यह खुली आक्रामक कार्रवाई अफगानिस्तान की संप्रभुता पर हमला है और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए सीधा खतरा है।
यह कार्रवाई पाकिस्तान का गैर जिम्मेदाराना रवैया
भारत ने सीधे शब्दों में कहा कि यह पाकिस्तान के लगातार गैर-जिम्मेदाराना रवैये को दशार्ता है। अपनी आंतरिक विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए सीमाओं के पार हिंसक कार्रवाइयों का सहारा लेने की उसकी एक और निरर्थक कोशिश है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत, अपने प्रियजनों को खोने वाले अफगान परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है। अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने अटूट समर्थन को दोहराता है।
फरवरी से दोनों देशों में चल रहा है तनाव
इस साल फरवरी से दोनों देश एक दूसरे के ऊपर कई बार हमले कर चुके हैं। पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान की सीमा के भीतर कई सैन्य हमले किए जा चुके हैं। पाकिस्तान का कहना है कि उसके निशाने पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और अन्य आतंकी संगठनों के ठिकाने थे।
ये भी पढ़ें : Russia-Ukraine War News : रूसी सेना ने यूक्रेन पर किया मिसाइल और ड्रोन हमला

