नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट में इस समय हाहाकार मचा हुआ है. जब कभी भी टीम किसी दौरे पर हारती है तो क्रिकेट बोर्ड में हंगामा मच जाता है. इंग्लैंड के दौरे पर लगातार दो हार ने एक बार फिर से देश में हंगामा मचा दिया है. कोचिंग स्टाफ से लेकर खिलाड़ियों तक पर एक्शन लिया गया. टीम के स्टार बल्लेबाज इमाम-उल-हक भी बीच दौरे में पाकिस्तान वापस भेज गए खिलाड़ियों में शामिल है. उनकी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच चोट के कारण बाहर होने के बाद अब इमाम उल हक की कथित चोट की जांच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) कर सकता है. सोशल मीडिया पर लगातार पूर्व क्रिकेटर इमाम से जुड़े किस्कों को उजागर करते नजर आ रहे हैं. पूर्व चयनकर्ता ने भी उनकी नाम लिए बिना चोट का बहाना बनाने का किस्सा सुनाया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इमाम के खिलाफ सख्ती से जांच जारी है. इसमें अगर वो दोषी पाए गए तो 1 से 2 साल तक का इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने पर बैन लग सकता है.
इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का दूसरे टेस्ट लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला गया था. इमाम को मैच के पहले दिन पिंडली में चोट लगी थी. इसके बाद उन्हें मैच से बाहर कर दिया गया. टीम को जब उनकी जरूरत थी तो वो ड्रेसिंग रूम में बैठकर मैच का मजा लेते नजर आए. पाकिस्तान को इस मुकाबले में 194 रन से हार मिली और टीम ने सीरीज भी 0-2 से गंवा दी.
इमाम उल हक लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में बल्लेबाजी करने नहीं उतरे थे. मैच के चौथे दिन पिंडली पर पट्टी बांधकर उनको मैदान पर बल्लेबाजी प्रैक्टिस करते देखा गया था. इसे देखने के बाद पूर्व इंग्लिश क्रिकेटर स्टुअर्ट ब्रॉड और डेविड वॉर्नर ने उनकी चोट पर सवाल उठाए. इसके बाद तो सोशल मीडिया पर तमाम तरह की बातें सामने आने लगी. बताया जाने लगा कि पहले भी उन्होंने तेज गेंदबाजों की मददगार पिच पर चोट का बहाना बनाया था.चोट को लेकर पुरानी कथित घटनाओं की चर्चा भी शुरू हो गई.

