Railways Minister Ashwini Vaishnaw Bengal Visit,(द भारत ख़बर), कोलकाता/नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल को एक दर्जन नई ट्रेनों की सौगात देने वाले हैं और इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बंगाल पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे पर हैं और वह 18 जनवरी को असम जाएंगे। अश्विनी वैष्णव ने बंगाल में पत्रकारों के साथ बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री आज बंगाल को एक दर्जन नई ट्रेनों का तोहफा दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि पीएम वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की पहली सेवा की भी आज शुरुआत पश्चिम बंगाल से करेंगे।
गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
रेल मंत्री ने यह भी बताया कि 101 रेलवे स्टेशनों का पुनर्निर्माण किया जा रहा है और पश्चिम बंगाल के एक प्रमुख रेलवे हब न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) रेलवे स्टेशन पर बड़े विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की पहली सेवा गुवाहाटी से कोलकाता के लिए शुरू होगी।
मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर दिखाएंगे हरी झंडी
पीएम आज दोपहर में लगभग 12 बजकर 45 मिनट पर मालदा जाएंगे और मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर हावड़ा और गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (vande bharat sleeper train) को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद दोपहर लगभग 1:45 बजे वह मालदा में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में 3,250 करोड़ रुपए से अधिक की कई रेल और सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे।
देश में चलने वाली हैं अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें
अश्विनी वैष्णव ने यह भी बताया कि देश में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलने वाली हैं। बंगाल में 101 स्टेशनों के पुनर्निर्माण कार्य के तहत, एनजेपी रेलवे स्टेशन दो नए प्लेटफॉर्म के साथ एक विश्व स्तरीय स्टेशन बनने की प्रक्रिया में है। उन्होंने बताया कि इससे बहुत सारा क्षेत्र उभरेगा जहां आईटी हब बनाए जा सकते हैं।
18 जनवरी को 2 नई अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री 18 जनवरी को गुवाहाटी (कामाख्या)-रोहतक और डिब्रूगढ़-लखनऊ (गोमती नगर) के बीच 2 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। ये नई ट्रेन सेवाएं पूर्वोत्तर और उत्तरी भारत के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी, जिससे लोगों के लिए सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक यात्रा संभव होगी।
यह भी पढ़ें : PM Modi: एक दशक में बड़ी क्रांति बनी स्टार्टअप इंडिया पहल

