नई दिल्ली. छोटी उम्र में बड़े धमाके करने वाले वैभव सूर्यवंशी को नाम की चर्चा इस समय हर तरफ हो रही है. महज 15 साल के युवा बल्लेबाज टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया. अब उनसे क्रिकेट के लंबे फॉर्मेट में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा की उम्मीद की जा रही है. फिलहाल वो दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन की तरफ से खेल रहे हैं. भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ की निगरानी में वैभव ने इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से डेब्यू किया था. उनका मानना है कि वैभव में टेस्ट क्रिकेट खेलने की क्षमता है.
टी20 क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से धमाका मचाने वाले इस खिलाड़ी पर पूरी दुनिया की नजर है. दलीप ट्रॉफी में खेलने उतरे वैभव सूर्यवंशी पहले मैच में कुछ खास नहीं कर पाए. महज 8 रन बनाकर आउट हो गए और दूसरी पारी में उनको बल्लेबाजी करने की जरूरत नहीं पड़ी. द्रविड़ ने कहा कि वैभव के साथ धैर्य रखना होगा. इस खिलाड़ी में टेस्ट क्रिकेट खेलने का दम है लेकिन उसके लिए बेहतर रणनीति के साथ चलना होगा. द्रविड़ ने कहा, “वह अभी सिर्फ 15 साल के हैं. अगर उन्हें घरेलू क्रिकेट और कुछ सीजन रेड बॉल क्रिकेट में खेलने दिया जाएगा तो अच्छा करेंगे. मुझे इस बात का भी भरोसा है कि वह टेस्ट खुद को साबित कर सकते हैं.”
पूर्व भारतीय कोच द्रविड़ ने इस बात को लेकर भी संदेह जताया कि क्या वैभव सूर्यवंशी घरेलू क्रिकेट में रेड बॉल फॉर्मेट में खेल पाएंगे. टीम इंडिया के लिए टी20 के व्यस्त कार्यक्रम के बीच उनका घरेलू क्रिकेट में खेलना मुश्किल है. वैभव को घरेलू क्रिकेट के दो पूरे सीजन खेलने का अनुभव मिलना चाहिए. इससे वो टेस्ट टीम में भी अपनी दावेदारी पेश कर पाएंगे.
इंग्लैंड में खेली गई टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने का मौका दिया गया था. शुरुआती तीन मुकाबले में कुछ खास नहीं कर पाने के बाद कोच गौतम गंभीर ने उनको प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया. जिम्बाब्वे के दौरे पर वो खेलने उतरे और तीन मैचों में दो फिफ्टी ठोक डाली. इस सीरीज में उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए. वैभव ने अब तक छह टी20 पारियों में 193 रन बनाए हैं. उन्होंने 189.21 की स्ट्राइक रेट से रन बनाया है. चयनकर्ताओं ने वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 राजस्थान रॉयल्स के लिए किए गए शानदार प्रदर्शन का इनाम दिया था. उन्होंने 776 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया था.

