Punjab News: भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित ऐतिहासिक हुसैनीवाला शहीद स्मारक के पास खुदाई के दौरान रॉकेट लॉन्चर से जुड़ा एक बम मिला, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस, BSF और भारतीय सेना की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए SP हेडक्वार्टर धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हुसैनीवाला शहीद स्मारक पर चल रही खुदाई के दौरान एक संदिग्ध विस्फोटक वस्तु मिली है। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पता चला कि यह रॉकेट लॉन्चर से जुड़ा बम है।
उन्होंने कहा कि यह जानकारी तुरंत BSF और सेना के साथ साझा की गई। पूरी सावधानी बरतते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने बम को अपने कब्जे में लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर रखा, ताकि जान-माल के किसी भी नुकसान से बचा जा सके।
Punjab News: मुख्यमंत्री मान के OSD सुखवीर सिंह ने घानाउर कलां गांव में ‘जनता दरबार’ किया
SP ने बताया कि बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) ने बम के चारों ओर सुरक्षा घेरा बना लिया है और इसे सुरक्षित रूप से नष्ट करने की प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान आम लोगों को भी घटनास्थल से दूर रखा गया है।
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि बम यहां कैसे पहुंचा। शुरुआती अनुमानों के अनुसार, यह कोई पुराना विस्फोटक हो सकता है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में चौकसी बढ़ा दी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
