जानिए 23 साल पहले फिल्म ने कितनी कमाई की थी
Tere Naam, (द भारत ख़बर), मुंबई: सलमान खान ने अपने करियर में कई ऐसी फिल्में की हैं, जिन्हें सालों बाद भी लोग देखना पसंद करते हैं। ऐसी ही फिल्मों में एक नाम तेरे नाम का भी है, जो साल 2003 में आई थी। ये रोमांटिक फिल्म थी, जिसमें सलमान ने राधे भैया नाम का किरदार निभाया था। उनके इस किरदार ने लोगों को उनका दीवाना बना दिया था और इमोशनल कर दिया था। 23 सालों के बाद अब एक बार फिर से सिनेमाघरों में ये फिल्म देखने का मौका है। 27 फरवरी को ये फिल्म दोबारा से रिलीज की गई है।
तेरे नाम पीवीआर-आईनॉक्स थिएटर्स में रिलीज हुई है। तो अगर आप भी सलमान खान के फैन हैं और एक बार फिर से उन्हें बड़े पर्दे पर राधे भैया के रोल में देखना चाहते हैं, तो आप री-रिलीज के इस मौके पर फायदा उठा सकते हैं। सलमान के अपोजिट इस पिक्चर में भूमिका चावला नजर आई थीं। उन्होंने निर्जरा का किरदार निभाया था। इस आइकॉनिक लव स्टोरी फिल्म में भूमिका को भी लोगों ने काफी पसंद किया था। वो इस फिल्म के जरिए लोगों की नजरों में आ गई थीं।
अमीषा पटेल थीं पहली पसंद
तेरे नाम भूमिका चावला की पहली बॉलीवुड फिल्म थी। इससे पहले उन्होंने साउथ की फिल्मों में काम किया था। हालांकि, वो निर्जरा के रोल के लिए पहली पसंद नहीं थीं। मेकर्स इस फिल्म में सलमान के अपोजिट अमीषा पटेल को कास्ट करना चाहते थे। हालांकि, अमीषा बिजी थीं। ऐसे में उन्होंने मना कर दिया था। उसके बाद इस रोल का आॅफर भूमिका को मिला था।
24.55 करोड़ रुपए का किया था ग्रॉस कलेक्शन
तेरे नाम का बजट 12 करोड़ रुपये था और वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने 24.55 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। सलमान और भूमिका चावला के अलावा रवि किशन, सचिन खेडेकर, सरफराज खान जैसे एक्टर्स ने भी इस फिल्म में काम किया था। अब एक बार फिर से इस फिल्म के जरिए ये सारे सितारे बड़े पर्दे पर दस्तक दे चुके हैं।
बैटल आॅफ गलवान को लेकर चर्चा में हैं सलमान खान
बहरहाल, सलमान लंबे समय से अपनी अपकमिंग फिल्म बैटल आॅफ गलवान को लेकर चर्चा में चल रहे हैं, जिसमें उनके साथ चित्रांगदा सिंह भी नजर आने वाली हैं। इसमें सलमान एक आर्मी आॅफिसर के रोल में नजर आने वाले हैं। 17 अप्रैल को ये फिल्म रिलीज होने के लिए तय है। पर ऐसी चर्चा है कि अब ये फिल्म इस डेट पर रिलीज नहीं होगी। मेकर्स इस फिल्म को किसी दूसरी डेट पर रिलीज करेंगे। हालांकि, फिलहाल फिल्म के पोस्टपोन होने को लेकर आधिकारिक तौर पर जानकारी शेयर नहीं की गई है।

