नई दिल्ली. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को आखिरकार जेल से रिहाई मिल गई है. बुधवार को दिल्ली की एक अदालत ने दोनों को रिहा करने का आदेश दिया. सौरव और आशुतोष को पहले 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. इसके बाद इसे दो दिन और बढ़ाने का फैसला सुनाया गया था. दोनों जंतर-मंतर पर कथित रूप से अनधिकृत प्रवेश के मामले में न्यायिक हिरासत में थे.
विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) ने दिल्ली पुलिस की याचिका को खारिज कर दिया. इसमें दोनों की न्यायिक हिरासत तीन दिन और बढ़ाने की मांग की गई थी. दोनों नेताओं को SEM के समक्ष पेश किया गया. सुनवाई के दौरान उनके जमानतदारों से संबंधित दस्तावेज जमा किए गए. इससे पहले हुई सुनवाई में जमानतदारों की पहचान में गड़बड़ी की वजह से न्यायिक हिरासत बढ़ाई गई थी.

आपको बता दें कि सौरव दास और आशुतोष रांका को 13 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया था. आरोप है कि वे जंतर-मंतर में प्रवेश करने के लिए वहां लगे बंद गेट को फांदकर अंदर गए थे. इससे पहले जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल की अधिसूचित सूची से हटा दिया गया था. इसके बाद दोनों को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. 19 अक्टूबर को उनकी हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी गई थी, जिसकी अवधि बुधवार को समाप्त होनी थी.
इससे पहले बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी न्यायिक हिरासत के मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था. हाई कोर्ट ने दास और रांका से SEM के समक्ष होने वाली सुनवाई के नतीजे का इंतजार करने को कहा था. अदालत ने यह भी कहा कि यदि उनकी शिकायत बनी रहती है, तो वे अपीलीय अदालत का रुख कर सकते हैं. इस बीच, दिल्ली पुलिस ने इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है.

