पिछले कुछ समय से टीम के लिए खेल रहे उपयोगी पारियां, विकेट भी चटका रहे
Shivam Dube (द भारत ख़बर), खेल डेस्क : क्रिकेट के किसी भी प्रारूप में उस खिलाड़ी की सबसे ज्यादा अहमियत होती है जो टीम के लिए ऑलराउंडर प्रदर्शन करे। जब टीम की बल्लेबाजी संकट में तो वह अपने बल्ले के सहयोग से टीम को मुश्किल से उभारे और जब मुख्य गेंदबाज संघर्ष कर रहे हों तो टीम को विकेट दिलाए। किसी भी टीम के लिए ऐसा खिलाड़ी अंतिम 11 में शामिल होना किसी बोनस से कम नहीं होता।
वहीं जब हम बात करते हैं टी20 क्रिकेट की तो इसमें आॅलराउंड खिलाड़ियों का महत्व और भी बढ़ जाता है। टीम इंडिया के पास वर्तमान में एक नहीं बल्कि दो ऐसे खिलाड़ी है जो इस भूमिका में फिट बैठते हैं। इनमें से एक है टीम इंडिया में स्थापित हो चुके हार्दिक पंड्या और दूसरे हैं शिवम दुबे। हालांकि शिवम दुबे अभी टीम में पूरी तरह से स्थापित नहीं हुए हैं लेकिन जब भी उन्हें मौका मिला है उन्होंने टीम के लिए अहम भूमिका निभाई है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली शानदार पारी
भारतीय आॅलराउंडर शिवम दुबे की विशाखापत्तनम में बुधवार रात खेली गई पारी लंबे समय तक याद रहेगी। शिवम ने लेग स्पिनर ईश सोढी के एक ओवर में 29 रन बटोर कर अधिक सुर्खियां बटोरीं, लेकिन तेज गेंदबाजों जैकब डफी और मैट हेनरी के विरुद्ध लगाए गए उनके तीन छक्के भी उतने ही महत्वपूर्ण थे। यह एक स्पष्ट संकेत था कि अब वह केवल स्पिनरों को ही निशाना नहीं बनाते हैं बल्कि तेज गेंदबाजों के विरुद्ध भी बड़े शॉट खेल सकते हैं।
बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी का अच्छा विकल्प
टी-20 विश्व कप से पहले शिवम की यह पारी भारतीय टीम के लिए एक सकारात्मक संकेत है। यह बदलाव अचानक नहीं आया। इसके संकेत पहले भी मिल चुके थे। 2024 टी-20 विश्व कप फाइनल में 16 गेंदों पर 27 रन, एशिया कप फाइनल में 22 गेंदों पर 33 रन और हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में नई गेंद से गेंदबाजी करना। ये सभी बड़े मंच और दबाव भरे मौके थे, जहां दुबे खरे उतरे। विशाखापत्तनम का यह मैच हालांकि प्रयोगों के लिहाज से अलग था। भारत पहले ही सीरीज में 3-0 की बढ़त ले चुका था।
टीम प्रबंधन ने जानबूझकर छह बल्लेबाजों के साथ उतरने का फैसला किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि यह सब जानबूझकर किया गया, ताकि मुश्किल परिस्थितियों में खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया को परखा जा सके। ऐसी ही मुश्किल स्थिति में दुबे क्रीज पर आए। भारत की जीत की संभावना बेहद कम थी लेकिन शिवम दुबे ने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया, जो भारत का तीसरा सबसे तेज टी20 अर्धशतक है। अहम बात यह रही कि उन्होंने तेज गेंदबाजों के विरुद्ध भी 14 गेंदों पर 29 रन बनाए, जिससे न्यूजीलैंड किसी एक रणनीति पर टिक नहीं सका।

