निवेशकों को हर रोज लग रही लाखों करोड़ रुपए की चपत
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर विश्व भर के शेयर बाजारों पर पड़ रहा है। अमेरिका और इजरायल द्वारा संयुक्त रूप से ईरान पर की जा रही सैन्य कार्रवाई 13वें दिन में प्रवेश कर गई है। इस दौरान पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस तनाव के चलते एशिया, यूरोप और खुद अमेरिका के शेयर बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए। इसी वैश्विक परिस्थितियों का प्रभाव भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा और बुधवार के बाद यह गुरुवार को भी लाल निशान पर बंद हुआ।
बाजार के जानकारों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि के चलते गुरुवार को बेंचमार्क शेयर सूचकांकों में भारी गिरावट दर्ज की गई।बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में करीब एक प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।आज शुक्रवार को सप्ताह का अंतिम कारोबारी दिन है। आज यह देखना अहम होगा कि भारतीय शेयर बाजार कुछ संभलता है या फिर एक बार फिर से लाल निशान पर काम करता है।
इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का हाल
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 829.29 अंक या 1.08 प्रतिशत गिरकर 76,034.42 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 992.53 अंक या 1.29 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 75,871.18 पर पहुंच गया। इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 227.70 अंक या 0.95 प्रतिशत गिरकर 23,639.15 पर बंद हुआ। इस दौरान सेंसेक्स में शामिल शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, इसके शेयरों में 4.23 प्रतिशत की गिरावट आई, इसके बाद मारुति, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और ट्रेंट का नंबर रहा।
इस तरह रहे सोने-चांदी के दाम
दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सफेद धातु (चांदी) की कीमत 1,500 रुपये या 0.54 प्रतिशत उछलकर 2,76,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई है। गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार को चांदी 4,275 रुपये की भारी गिरावट के साथ 2,75,000 रुपये पर बंद हुई थी। इसके विपरीत, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 400 रुपये गिरकर 1,65,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,65,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जिसके साथ ही सोने की तीन दिवसीय रैली समाप्त हो गई।

