सेंसेक्स 943 अंक व निफ्टी 263 अंक उछला
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : रविवार को विशेष कारोबारी दिवस के दौरान शेयर बाजार में बजट से निराशा छा गई और सेंसेक्स 1500 से ज्यादा अंक टूट गया। वहीं सोमवार को भारत पर और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता जल्द होने की खबरों से शेयर बाजार झूम उठा। इस दौरान बजट वाले दिन भारी गिरावट की रिकवरी हो गई और सेंसेक्स 943 अंक चढ़ गया। इस दौरान निफ्टी में भी 263 अंक की तेजी दिखाई दी। जानकारों का कहना है कि पिछले करीब तीन सत्र से शेयर मार्केट में आई गिरावट से अब उबरने की उम्मीद है। अमेरिका द्वारा टैरिफ कम करने और व्यापार समझौता होने के ऐलान से शेयर बाजार में तेजी का लंबा दौर चल सकता है।
इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 943.52 अंक या 1.17 प्रतिशत बढ़कर 81,666.46 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, यह 1,009.31 अंक या 1.25 प्रतिशत बढ़कर 81,732.25 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 262.95 अंक या 1.06 प्रतिशत चढ़कर 25,088.40 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 282.65 अंक या 1.13 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 25,108.10 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में से पावर ग्रिड के शेयरों में 7.61 प्रतिशत और अदानी पोर्ट्स के शेयरों में 4.76 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, इंटरग्लोब एविएशन, आईसीआईसीआई बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट अन्य प्रमुख लाभ कमाने वालों में शामिल थे। एक्सिस बैंक, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, ट्रेंट और टाइटन पिछड़ गए।
सोने और चांदी में गिरावट का दौर जारी
भारतीय सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। सोमवार को भी सोना 8000 रुपये तक सस्ता हो गया। वहीं चांदी में 31,800 रुपये तक की गिरावट देखने को मिली। कीमतों में अस्थिरता का दौर जारी है। एमसीक्स पर सोने का भाव 8,187 रुपये गिरकर 1,34,00 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 5.76 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं चांदी 31,878 रुपये सस्ती होकर 2.33 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई।
इसमें 12 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार की शुरूआती ट्रेडिंग में अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 4% तक फिसला, जबकि चांदी में भी इसी के आसपास गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, 12% तक टूटने के बाद चांदी 80 डॉलर प्रति औंस के स्तर से ऊपर टिक गई। इससे पहले सत्र में चांदी ने अब तक की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट दर्ज की थी, जो बीते 10 वर्षों की सबसे तेज गिरावट मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें : India-US Trade Deal : भारत और अमेरिका में व्यापार समझौता जल्द

