हादसे में दो कोच जलकर पूरी तरह खाक, एक यात्री की मौत
Andhra Pradesh Train Accident (द भारत ख़बर), विशाखापत्तनम : आंध्र प्रदेश में गत रात्रि करीब 12.45 मिनट पर टाटानगर-एनार्कुलम एक्सप्रेस में आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग के हाथ-पांव फूल गए। जैसे ही आग लगने की जानकारी लोको पायलट को लगी तो उन्होंने समझदारी से काम लेते हुए ट्रेन की स्पीड कम कर दी और फिर सूचना साझा करते हुए ट्रेन को रोक दिया।
इस हादसे में ट्रेन के दो कोच पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। गनीमत यह रही की समय रहते आग से प्रभावित सभी यात्रियों से सुरक्षित निकाल लिया गया। रेलवे से मिली सूचना के अनुसार जिन कोच में आग लगी उनमें कुल 158 यात्री सवार थे। आग बुझाने के बाद जब तलाशी ली गई तो एक यात्री का शव बरामद हुआ। आग लगने की वजह अभी पता नहीं है और इसकी फोरेंसिक जांच की जा रही है।
येलामांचिली एरिया में लगी आग
आंध्र प्रदेश के येलामांचिली इलाके में टाटानगर-एनार्कुलम एक्सप्रेस के दो कोच में आग लग गई। एक अधिकारी ने बताया कि जिन दो कोच में आग लगी, उनमें से एक में 82 तो दूसरे में 76 यात्री सवार थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें ट्रेन में आग लगने की सूचना देर रात 12.45 बजे मिली। हादसे के बाद आग की चपेट में आए बी-1 कोच में एक शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में हुई है। हादसे के बाद आग से प्रभावित दोनों कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया और ट्रेन को उसके गंतव्य एनार्कुलम की तरफ रवाना कर दिया गया। दो फोरेंसिक टीमें आग की वजह का पता लगाने में जुटी हैं।
ये दो कोच हुए पूरी तरह आग से क्षतिग्रस्त
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बी-1 और एम-2 डिब्बों में आग लगी। आग जिस समय लगी, उस समय सभी यात्री आराम से सो रहे थे। लोको पायलट को जैसे ही ट्रेन में आग लगने का पता चला, वैसे ही लोको पायलट ने तुरंत ही ट्रेन को रोक दिया। दमकल कर्मियों को तुरंत सूचना दी गई। दमकलकर्मियों के पहुंचने तक दोनों डिब्बे पूरी तरह से जल चुके थे और पूरा स्टेशन धुएं से ढक गया। हादसे में एक यात्री की मौत के अलावा कुछ अन्य यात्री मामूली रूप से घायल भी हुए हैं। हालांकि यात्रियों का सारा सामान जलकर राख हो गया। हादसे के चलते विशाखापत्तनम विजयवाड़ा रूट पर चलने वाली सभी ट्रेनें फिलहाल रद्द कर दी गई हैं।
बीते दिन एक मालगाड़ी हुई थी दुर्घटना का शिकार
बिहार-झारखंड सीमा स्थित जसीडीह-झाझा रेलखंड पर एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। टेलवा बाजार हॉल्ट के पास शनिवार रात को यह हादसा हुआ है, जिसके कारण मार्ग पर रेल यातायात ठप हो गया है। अप-डाउन ट्रैक बाधित है और रेलवे विभाग के कर्मी मरम्मत कर रहे हैं। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार रात लगभग 11 बजकर 25 मिनट पर झाझा मुख्य रेलखंड पर टेलवा बाजार हॉल्ट के पर बडुआ नदी पर बने पुल के पास रेल हादसा हुआ। मालगाड़ी जसीडीह से झाझा की ओर जा रही थी। इस बीच इसकी 8 बोगियां पटरी से उतर गई और इनमें से तीन नदी में गिर गई। दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : मेड इन इंडिया को गुणवत्ता का प्रतीक बनाएं : पीएम

