जोरदार गिरावट के साथ पहली बार एक डॉलर की कीमत 95 रुपए के पार पहुंची
Rupee Falls Continue (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितता, अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे युद्ध से फैली पश्चिम एशिया में अशांति, महंगे तेल और विदेशी निवेशकों की निकासी भारतीय मुद्रा यानी रुपये को लगातार कमजोर कर रही है। यही कारण है कि डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट का दौर जारी है। सोमवार को भी सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय रुपए पर दबाव साफ दिखाई दिया और यह अच्छी शुरुआत के बावजूद एक बार फिर से लुढ़क गया।
दिन का कारोबार समाप्त होने के समय भारतीय रुपया पहली बार अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95 के स्तर को पार कर गया है, जिससे मुद्रा बाजार में चिंता बढ़ गई है। यह रुपए का अब तक का सबसे निचला स्तर है। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा बैंकों की विदेशी मुद्रा पोजिशन पर सख्ती किए जाने के बावजूद रुपये को केवल मामूली सहारा ही मिल पाया। विश्लेषकों का कहना है कि मौजूदा आर्थिक हालात अब भी रुपये के खिलाफ बने हुए हैं।
भारतीय शेयर बाजार में जोरदार गिरावट
लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज करते हुए, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,635.67 अंक या 2.22 प्रतिशत गिरकर 71,947.55 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, यह 1,809.09 अंक या 2.45 प्रतिशत गिरकर 71,774.13 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 488.20 अंक या 2.14 प्रतिशत गिरकर 22,331.40 पर बंद हुआ।
सोने और चांदी में आई तेजी
सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 3,700 रुपये या 2.5 प्रतिशत बढ़कर 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। पिछले बाजार सत्र में पीली धातु 1,47,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर हुई थी। वहीं चांदी की कीमत में 7,000 रुपये या 3.04 प्रतिशत की भारी छलांग दर्ज की गई, जिसके बाद यह 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के स्तर पर पहुंच गई। शुक्रवार को पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

