कहा, दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर वार्ता अंतिम व अहम पड़ाव में चल रही
India-US Trade Deal (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर जल्द मुहर लगने की संभावना बढ़ गई है। ज्ञात रहे कि फरवरी 2025 से दोनों देश इस व्यापार समझौते पर लगातार बातचीत कर रहे हैं। हालांकि दोनों की देश अपेक्षा के अनुरूप इसे अंतिम रूप देने में कामयाब नहीं हो सके हैं। दोनों के बीच समझौते को लेकर कई बार मतभेद पैदा हुआ।
जिसे दूर करने के लिए वार्ता का लंबा दौर चला। हालांकि कुछ माह पूर्व अमेरिका के राष्टÑपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह घोषणा की थी कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर सहमति बन गई है और दोनों जल्द ही इसपर हस्ताक्षर करेंगे लेकिन फिर यह समझौता लटक गया।
अमेरिकी राजदूत का यह बयान आया सामने
व्यापार समझौते को लेकर चल रही कोशिशें अब अपने अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई हैं। दोनों देशों के बीच इस अहम व्यापारिक समझौते को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक और व्यापारिक संबंधों पर एक अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने एक ट्वीट के जरिए आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया है कि भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल इस सप्ताह वाशिंगटन पहुंच रहा है। इस अहम दौरे का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देना है।
भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल जाएगा अमेरिका
द्विपक्षीय व्यापार समझौते से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए एक विशेष भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल इसी सप्ताह वाशिंगटन की यात्रा कर रहा है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने प्रतिनिधिमंडल के इस दौरे का स्वागत करते हुए इसे व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में एक बड़ा कदम करार दिया है। इस समझौते के आर्थिक प्रभावों पर टिप्पणी करते हुए अमेरिकी राजदूत ने कहा है कि यह आगामी समझौता भारत और अमेरिका, दोनों ही राष्ट्रों के लिए ‘विन-विन’ (फायदे का सौदा) साबित होगा।
अमेरिकी राजदूत के बयान से यह पूरी तरह साफ है कि ट्रंप प्रशासन इस द्विपक्षीय समझौते को दोनों देशों के लिए पारस्परिक रूप से लाभदायक मान रहा है। अब उद्योग जगत की नजरें इस सप्ताह वाशिंगटन में होने वाली अहम बैठकों और समझौते पर लगने वाली अंतिम मुहर पर टिकी हुई हैं।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोना 800 रुपए महंगा, चांदी 4300 रुपए मजबूत

