सोनीपत. मुंबई में बॉलीवुड एक्टर टाइगर पर फायरिंग केस में छह गिरफ्तारियों का सोनीपत से कनेक्शन है. पुलिस ने दो हथियार सप्लायरों को भी गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में दिल्ली की स्पेशल सेल ने सुमित और कुणाल को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद सुमित के परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं और दावा किया है कि सुमित का इस मामले में कोई कसूर नहीं है.
-परिवार का कहना है कि उनके बेटे को कुणाल उर्फ भोला बहला फुसलाकर ले गया था. सुमित ने 9वीं क्लास तक पढ़ाई की है और वह पिछले 3 साल से एक कपड़े की दुकान पर काम कर रहा था. इसी दुकान के जरिए सुमित कुणाल के संपर्क में आया था. सुमित के परिवार ने नितिन नाम के एक शख्स पर भी आरोप लगाया है.
हथियार सप्लाई के आरोप में गिरफ्तार सुमित की मां आशा ने बताया कि नितिन और कुणाल एक ही गांव के हैं और नितिन ने ही सुमित की मुलाकात कुणाल से करवाई थी. सुमित की मां ने बताया कि दिल्ली पुलिस उनके घर आई थी और सुमित को यह कहकर साथ ले गई थी कि उससे केवल पूछताछ करनी है. बाद में पुलिस का फोन आया कि मुंबई आकर अपने बेटे की जमानत करा लें. सुमित का परिवार किराए के मकान में रहता है और उसके पिता ईंट भट्ठे पर मजदूरी का काम करते हैं.
मां ने जानकारी दी कि सुमित ने घर पर खाटू श्याम जाने की बात बताई थी और वह नितिन के साथ खाटू श्याम गया भी था, लेकिन अगले दिन ही वापस घर लौट आया था. परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है और उनका कहना है कि उनके पास मुंबई जाने तक के पैसे नहीं हैं. सुमित की मां ने प्रशासन से हाथ जोड़कर विनती की है कि उनके बेकसूर बेटे को छोड़ दिया जाए.
अब तक कितने गिरफ्तार
टाइगर श्रॉफ शूटिंग केस में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. इसमें चार आरोपी सोनीपत के रहने वाले हैं, जिसमें एक नाबालिग है. वहीं, एक आरोपी बिहार और दो युवतियां यूपी की रहने वाली है. हालांकि, आरोपी युवतियां राधा और बबीता सोनीपत में ही रहती थी. इन सभी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पकड़ा है, क्योंकि दो आरोपियों ने युवतियों के जरिये ही हथियार ट्रेन के जरिये मुंबई भेजे थे.
