Mumbai Firing Case News: एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 2 महिलाओं समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले कुनाल और सुमित के अलावा उत्तर प्रदेश की राधा और बबीता शामिल हैं। पुलिस की जांच में हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मुंबई पुलिस की सीआईडी टीम ने अदालत से अनुमति लेने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद कोर्ट ने आरोपियों की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड दे दी। इस मामले में कुनाल की भूमिका अहम बताई जा रही है। वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। हरसाना गांव के एक दोस्त के जरिए उसकी मुलाकात गैंगस्टर अनिल पंडित से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी।
अमृतसर से पिस्टल लाया था कुनाल
पुलिस के मुताबिक अनिल पंडित के निर्देश पर कुनाल अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आया था। करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात राधा से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। राधा को कुनाल की गर्लफ्रेंड बताया जा रहा है। कुनाल ने राधा को अपनी गतिविधियों के बारे में बताया और बाद में उसे हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए तैयार किया। 15 अक्टूबर को कुनाल राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा। पिस्टल राधा के बैग में रखी थी। यात्रा के दौरान कुनाल एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए संपर्क में रहा और अनिल पंडित के निर्देश उन तक पहुंचाता रहा। इस तरह दोनों पिस्टल लेकर मुंबई पहुंच गई।
गर्लफ्रेंड ने नाबालिग को सौंपा बैग
17 अक्टूबर को राधा और बबीता मुंबई के दादर स्टेशन पर उतरीं और एक होटल में ठहरीं। उसी दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेकर गया। जांच में इस बैग में रखे हथियार को फायरिंग की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस की मानें तो दिल्ली से हथियार लेकर मुंबई तक पहुंचाने में राधा और बबीता की अहम भूमिका रही।
आरोपियों को मुंबई से निकालने की तैयारी
जांच के अनुसार 18 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई। इसके बाद अनिल पंडित ने कुनाल को बताया कि शूटर मुंबई में फंस गए हैं और उन्हें वहां से निकालने की व्यवस्था करने को कहा। इसी दौरान 18 अक्टूबर को राधा और बबीता दादर से हरिद्वार जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।
दिल्ली और सोनीपत से पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक 20 अक्टूबर को राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया, जबकि कुनाल और सुमित को हरियाणा के सोनीपत से हिरासत में लिया गया। बाद में मुंबई पुलिस की सीआईडी ने अदालत की अनुमति से चारों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया और तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल की। मामले में हथियारों की सप्लाई, शूटरों तक उन्हें पहुंचाने की प्रक्रिया और पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच जारी है।

