- घरों में घुस गया कीचड़ और पानी
- श्रीनगर-बांदीपुरा एनएच क्षतिग्रस्त
Jammu-Kashmir, (द भारत ख़बर), श्रीनगर: उत्तर भारत के मैदानों से पहाड़ों तक इन दिनों पड़ी रही भीषण गर्मी के बीच जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा जिले में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। बुधवार रात को मूसलाधार बारिश के बीच भूस्खलन और जलभराव हुआ जिससे रिहायशी संपत्तियों को खासा नुकसान पहुंचा है। कई घरों में कीचड़ और बारिश का पानी घुस गया, जिसकी वजह से संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। बारिश से फिलहाल अब भी राहत के आसार नहीं हैं।
श्रीनगर-बांदीपुरा नेशनल हाईवे पर यातायात ठप
लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण दारुल उलूम रहिमिया के पास श्रीनगर-बांदीपुरा नेशनल हाईवे क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क किनारे भूस्खलन के कारण जमा मलबा व पानी होने के चलते श्रीनगर और बांदीपुरा के बीच यातायात बाधित हो गया है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन राहत एवं बचाव के काम में जुटा है।
घरों में पानी में डूब गई कई चीजें
स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार को अचानक भारी बारिश हुई और जलभराव के चलते बाढ़ जैसे हालात हो गए। उन्होंने कहा कि रात भर हुई बारिश के कारण घरों में पानी आने से सामान को बहुत नुकसान हुआ है। कई घरों में रसोई का सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स व अन्य जरूरी चीजें कीचड़ व पानी में डूब गई हैं। कई लोग सुबह उठे तो देखा तो घर के अंदर कीचड़ भरा था।
वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह
प्रशासन ने वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। सूत्रों के मुताबिब कई जगह वैकल्पिक मार्ग भी प्रभावित हैं। लोक निर्माण विभाग व जिला प्रशासन की टीमें स्थिति को बहाल करने में जुटी हैं। प्रशासन के अधिकारियों ने बताया है कि वे प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री उपलब्ध करवाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत के काम को प्राथमिकता दी जा रही है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में अब भी भारी बारिश की चेतावनी दी है। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भूस्खलन व निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बताया गया है।
ये भी पढ़ें : UP Weather: बुंदेलखंड विश्व का सबसे गर्म, बांदा में आज भी पारा 48 रहने का अनुमान

