कहा, ईरान की शर्तें अनुचित खासकर मुआवजे की
Donald Trump on Ceasefire (द भारत ख़बर), वॉशिंगटन : ईरान के खिलाफ किए जा रहे हमलों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक और बड़ा बयान सामने आया है। बीते दिन जहां यह खबर आई थी कि अमेरिका इस युद्ध को समाप्त करना चाहता है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरानी शीर्ष नेताओं से सीजफायर को लेकर वार्ता चाहते हैं तो इसी बीच ईरान की तरफ से कुछ शर्तें रख दी गई। जिनमें ईरान की तरफ से कहा गया कि पहले जंग रोकी जाए और जंग के दौरान हुए उसके नुकसान का मुआवजा दिया जाए। इसी बीच ट्रंप ने साफ कर दिया है कि वे अभी ईरान की सभी शर्तें मानने के लिए तैयार नहीं हैं, खासकर मुआवजे की मांग को।
अमेरिका और ईरान के बीच सीधी बातचीत फिलहाल नहीं हो रही है। वहीं अमेरिका की तरफ से कहा गया है कि यदि ईरान इस युद्ध को रुकवाना चाहता है तो वह अपना मिसाइल प्रोग्राम कुछ समय के लिए बंद करे, यूरेनियम एनरिचमेंट रोक दे और अपने परमाणु ठिकानों को भी बंद करे। इसके अलावा, ईरान हिजबुल्लाह और हमास को पैसे देना भी बंद करे।
ट्रंप ने पहले भी किया था यह दावा
ज्ञात रहे कि कुछ दिन पहले भी ट्रंप ने कहा था कि ईरान समझौता करना चाहता है और उसके प्रतिनिधि अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान लंबे समय से दुष्प्रचार पर आधारित रणनीति अपनाता रहा है और अब वह इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का भी इस्तेमाल कर रहा है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका बातचीत के लिए हमेशा तैयार रहता है और वह हर पक्ष से संवाद करते हैं क्योंकि कई बार इससे सकारात्मक परिणाम निकलते हैं। लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ईरान की ओर से असल नेतृत्व कौन कर रहा है।
आईडीएफ जारी रखेगा हमले
इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) किसी भी ऐसे व्यक्ति को निशाना बनाना जारी रखेगा जो इजरायल राज्य के लिए खतरा पैदा करता है, जिसमें ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई भी शामिल हैं। आईडीएफ के सैन्य प्रवक्ता एफि डेफ्रिन ने कहा कि फिलहाल उनके पास खामेनेई के ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। जब खामेनेई के ठिकाने के बारे में पूछा गया, तो डेफ्रिन ने कहा कि उनके पास कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा लेकिन मैं एक बात कह सकता हूं हम जारी रखेंगे जैसा कि हमने साबित किया है, हम इजरायल राज्य के लिए खतरा पैदा करने वाले किसी भी व्यक्ति का पीछा करना जारी रखेंगे और जो भी उसके खिलाफ हाथ उठाता है वह हमसे अछूता नहीं रहेगा। हम उसका पीछा करेंगे, उसे खोजेंगे और उसका खात्मा करेंगे।
ये भी पढ़ें : US-Iran War Update : ईरान के खिलाफ जारी युद्ध में हांफने लगा अमेरिका

