Under Water Homes: समंदर के ऊपर घर बनाना ही अपने आप में काफी रोमांचक है, वहीं अगर आपसे पूछा जाए कि समंदर के अंदर बने घर में रहना चाहोगे? तो आप क्या कहेंगे? शायद आप कहें कि कहीं सपना तो नहीं देखा? भला समंदर के अंदर पानी में कोई घर बनता होगा. तो आपको बता दें कि यह सपना नहीं हकीकत है. जी हां यूएई के शहर शारजाह में समंदर के अंदर सोसायटी बन रही है. इसमें आलीशान घर होंगे और आप इनके अंदर रह सकेंगे.
हाल ही में शारजाह के शासक शेख डॉ. सुल्तान बिन मोहम्मद अल कासमी ने शारजाह के कल्बा में समुद्र के अंदर घरों के अनोखे प्रोजेक्ट का ऐलान किया है. यह परियोजना कल्बा शहर को नया रूप देने वाले बड़े मास्टर प्लान ‘खोर कल्बा सिटी’ का प्रमुख हिस्सा है. ये घर समुद्र के भीतर बनाए जाएंगे जो काफी अनोखे और आकर्षक होंगे. अभी तक पूरी दुनिया में ऐसा कोई प्रोजेक्ट कहीं नहीं है. आइए जानते हैं कि इस प्रोजेक्ट में क्या-क्या खास चीजें हैं?
खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक समुद्र के नीचे बन रहे ये घर इस दिसंबर तक खुल सकते हैं. साथ ही इन्हें पर्यटकों के लिए भी खोला जा सकता है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होते ही शारजाह में दुनिया के अनोखे और सबसे रोमांचक घरों को देखने का मौका मिलेगा.
क्या होगा इस प्रोजेक्ट में खास?
- . यह परियोजना पिछले 7 साल से तैयार हो रही है, अब इसपर काम को तेज कर दिया गया है, आने वाले दिनों में समुद्र के अंदर घरों का सपना साकार हो सकता है.
- . इस प्रोजेक्ट का मकसद कल्बा के पुरातात्विक और ऐतिहासिक महत्व को बचाते हुए शहर को पर्यटन, आराम और विलासिता का नया केंद्र बनाना है.
- . ये समुद्री घर इसी दिसंबर में खुल सकते हैं.
- . दिसंबर में शारजाह में और भी कई चीजें शुरू होने जा रही हैं, जैसे नई सड़कें, कॉर्निश (समुद्री किनारा), मुआवजा आवास, अल हयार झील, वादी अल हेलो रोड्स और पर्यटन की कई बड़ी और खास परियोजनाएं
कितने बन रहे घर?
शारजाह के शासक शेख डॉ. सुल्तान बिन मोहम्मद अल कासमी की ओर से अभी यह साफ नहीं किया गया है कि इस प्रोजेक्ट में कुल कितने घर बनाए जा रहे हैं. समंदर के अंदर कितने बड़े घर होंगे? क्या इसमें 1 बीएचके और 2 बीएचके होंगे या उससे भी बड़े घर हो सकते हैं? इसकी जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी.
नोएडा-गुरुग्राम जितनी होगी होगी कीमत?
चूंकि अभी घरों के साइज का ही खुलासा नहीं हुआ है, ऐसे में इन घरों की कुल कीमत कितनी होगी? क्या दुबई के पॉश इलाकों या बुर्ज खलीफा के अंदर मिलने वाले अपार्टमेंट, नोएडा-गुरुग्राम में मिलने वाले अल्ट्रा लग्जरी फ्लैटों की कीमत के बराबर होगी या ज्यादा होगी, ये अभी पता चलेगा क्योंकि भारत के गुरुग्राम और दुबई के मुकाबले वैसे भी शारजाह में घरों की कीमत 40 फीसदी कम है, लेकिन समंदर के नीचे वाला यह विशेष प्रोजेक्ट यहां कीमतें बढ़ा सकता है. इसके साथ ही हो सकता है कि इन घरों को बेचा न जाए और पहले सिर्फ रेंट पर उठाया जाए, उसके बाद इन्हें सेल आउट किया जाए. इन सभी चीजों का खुलासा अभी होगा.
बता दें कि शारजाह सरकार पिछले कई सालों से कल्बा के पूर्वी तट को दुबई की तर्ज पर आधुनिक बना रही है. इसमें विरासत संरक्षण, पर्यटन स्थल, बेहतर सड़कें और प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा शामिल है. वह दिन दूर नहीं जब शारजाह भी दुबई की तरह दुनिया का सबसे पसंदीदा अमीरात बन जाएगा. समंदर के अंदर घर वाली यह परियोजना शारजाह को और आकर्षक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.

