एक्ट्रेस प्रगति तिवारी ने दी सफाई
Yadav Ji Ki Love Story, (द भारत ख़बर), मुंबई: बॉलीवुड फिल्म यादव जी की लव स्टोरी अभी रिलीज से दूर हैं लेकिन विवादों के करीब जाती जा रही है। फिल्म को लेकर हर दिन कोई न कोई खबर सामने आ रही है। बढ़ते विरोध के बीच धनारी थाना पुलिस ने फिल्म के प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और हीरो-हीरोइन सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फिल्म पर यादव समाज के लोगों ने संस्कृति के बदनाम करने का आरोप लगाया है।
लगातार मच रहे बवाल के बीच फिल्म की लीड एक्ट्रेस प्रगति तिवारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर सफाई दी है।उन्होंने कहा कि फिल्म में किसी जाति या फिर धर्म विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश नहीं की गई है।
फिल्म रिलीज होने के बाद सारे सवाल और दुविधाएं दूर हो जाएंगी
एक्ट्रेस ने अपने बयान में कहा कि पोस्टर या फिर टीजर के जरिए अगर आपको कुछ आपत्तिजनक लगता है तो फिल्म का इंतजार कीजिए, फिल्म रिलीज होने के बाद आपके सारे सवाल और दुविधाएं दूर हो जाएंगी। इसके साथ ही एक्ट्रेस ने कहा कि मेरे भाई को इसमें बेवजह घसीटा जा रहा है। उसका इस फिल्म से लेना देना नहीं है।फिल्म को लेकर यादव समाज के लोगों में नाराजगी नजर आ रही है और इस पर रोक लगाने की मांग की जा रही है। लोगों का कहना है कि वो इस फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे।
27 फरवरी को रिलीज होनी है फिल्म
जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज है, उनमें फिल्म के निमार्ता संदीप तोमर, निर्देशक अंकित भड़ाना, हीरोइन प्रगति तिवारी और हीरो विशाल मोहन शामिल हैं। पुलिस ने ये मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत दर्ज किया है।
यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है, लेकिन विवाद के कारण अब रिलीज पर संकट है। यादव समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि फिल्म में यादव समाज की लड़की और दूसरे समुदाय के युवक की प्रेम कहानी को गलत तरीके से दिखाया गया है।
ये भी पढ़ें: वेकेशन मूड में हैं रवीना टंडन और राशा थडानी

