नई दिल्ली. इंग्लैंड में अपनी डेब्यू सीरीज में रन बनाने में नाकाम रहे वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे में जमकर बल्ले से हल्ला बोला. उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में दो अर्धशतकीय पारी खेली और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे. भारत के कार्यवाहक मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण ने जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार प्रदर्शन करने वाले 15 साल युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि अगर वैभव को लंबा और सफल इंटरनेशनल करियर बनाना है तो उन्हें अपनी ओवरऑल फिटनेस पर और मेहनत करनी होगी.
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी ने 151 रन बनाकर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार जीता. पहले टी20 में वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बने. तीसरे मुकाबले में उन्होंने 81 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. इस मैच में उनको प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.

मैच के बाद लक्ष्मण ने कहा कि वैभव बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन उनकी फिटनेस में अभी सुधार की जरूरत है. उन्होंने कहा, “वैभव अभी बहुत युवा हैं और खेल के हर पहलू में बेहतर बनना चाहते हैं. उनकी सबसे बड़ी खूबी सीखने की इच्छा है. हम चाहते हैं कि वह अपनी ओवरऑल फिटनेस पर ज्यादा ध्यान दें ताकि भविष्य में और बेहतर ऑलराउंड टीम प्लेयर बन सकें.”
तीसरे टी20 में वैभव डीप स्क्वायर लेग पर कैच पकड़ने की कोशिश में चोटिल हो गए थे. इसके बावजूद वह मैदान पर बने रहना चाहते थे. लक्ष्मण ने बताया, “वैभव चोट लगने के बाद भी मैदान नहीं छोड़ना चाहते थे. फिजियो ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहा. इससे उनकी टीम के लिए खेलने की भूख और जज्बा साफ दिखाई देता है. जब वैभव ने राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलना शुरू किया था, तभी उन्होंने दबाव को शानदार तरीके से संभाला था. आईपीएल का हर मैच अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जैसा होता है. इतनी कम उम्र में उन्होंने दबाव से घबराने के बजाय उसे स्वीकार किया, यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.”
लक्ष्मण ने विश्वास जताया कि वैभव सूर्यवंशी का भविष्य बेहद उज्ज्वल है. उन्होंने कहा कि युवा बल्लेबाज शतक नहीं बना पाने से निराश थे, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उन्हें समझाया कि यह सिर्फ शुरुआत है. उन्होंने कहा, “वैभव के पास लंबा करियर है. उनका रवैया और सीखने की मानसिकता शानदार है. अगर वह इसी तरह मेहनत करते रहे तो भविष्य में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं.”

