
कहा- हम राष्ट्रपति ट्रम्प पर भरोसा कर सकते हैं
Donald Trump-Maria Machado, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प से मुलाकात की। व्हाइट हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान माचाडो ने अमेरिकी राष्ट्रपति को अपना नोबेल पुरस्कार भेंट किया। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि आज हम वेनेजुएलावासियों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। ट्रम्प-मचाडो की मुलाकात बंद कमरे में हुई। बैठक के बाद ट्रम्प ने कोई बयान जारी नहीं किया, जैसा किसी भी मुलाकात के बाद किया जाता है।
हालांकि, मचाडो ने उनके बीच हुई बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा, मैं ट्रम्प की स्पष्टता, वेनेजुएला की स्थिति के बारे में उनके समझ और वेनेजुएला के लोगों के दर्द के प्रति उनकी चिंता से प्रभावित हुई। उन्होंने आगे कहा कि वेनेजुएला एकजुट है। व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद मचाडो ने बाहर जुटे समर्थकों से स्पेनिश में कहा, हम राष्ट्रपति ट्रम्प पर भरोसा कर सकते हैं।
मचाडो को मिला था नोबेल शांति पुरस्कार
गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में मचाडो को नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें वेनेजुएला के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए उनके प्रयासों और तानाशाही से शांतिपूर्ण लड़ाई के लिए यह सम्मान मिला था।
पदक के मालिक बदल सकते हैं, लेकिन उपाधि नहीं
ट्रम्प हमेशा नोबेल शांति पुरस्कार लेने की इच्छा जताते रहे हैं। जब यह मचाडो को मिला तो उन्होंने नाराजगी जताई। दूसरी ओर नोबेल कमेटी ने पहले कहा था कि नोबेल पुरस्कार की घोषणा हो जाने के बाद इसे रद्द नहीं किया जा सकता। न ही इसे साझा किया जा सकता है और न ही किसी और को हस्तांतरित किया जा सकता है।
यह निर्णय अंतिम है और हमेशा के लिए मान्य रहेगा। वहीं, गुरुवार को व्हाइट हाउस में हुई बैठक से पहले नोबेल संस्थान ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि एक पदक के मालिक बदल सकते हैं, लेकिन नोबेल शांति पुरस्कार विजेता की उपाधि नहीं बदल सकती।
मचाडो एक अद्भुत महिला
ट्रम्प ने सोशल मीडिया ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर मारिया कोरिना मचाडो से मुलाकात को सम्मानजनक बताया। उन्होंने कहा, मचाडो एक अद्भुत महिला हैं जिन्होंने बहुत कुछ बर्दाश्त किया है। मारिया ने मेरे अच्छे कामों के लिए मुझे अपना नोबेल शांति पुरस्कार प्रदान किया। हमारे बीच का यह आपसी सम्मान कमाल का है।
ये भी पढ़ें: 20 जनवरी को होगा भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का ऐलान
