- भारतीय चुनाव आयोग ने किया तारीखों का ऐलान
- नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून
Rajya Sabha Elections, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने राज्यसभा की 24 सीटों पर शुक्रवार को चुनाव तारीखों का ऐलान कर दिया। ये 10 राज्यों की 24 सीटें हैं जिन पर द्विवार्षिक चुनाव होना है। ईसीआई के मुताबिक 18 जून को मतदान होगा। चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार अधिसूचना एक जून को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख आठ जून है। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी होने की उम्मीद है।
रिटायर होने से खाली हुई हैं सीटें
‘काउंसिल आफ स्टेट्स’ के 24 सदस्यों के रिटायर होने से सीटें खाली हुई हैं। इन सदस्यों का कार्यकाल जून और जुलाई 2026 में समाप्त हो रहा है। 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे के बीच वोटिंग होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। 18 जून को शाम 5 बजे वोटों की गिनती निर्धारित है। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी। इसके बाद उम्मीदवार 11 जून तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।
किस राज्य से कितने सदस्य रिटायर हो रहे जानें
मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मिजोरम से एक-एक राज्यसभा सदस्य रिटायर हो रहा है। वहीं राजस्थान से 3, कर्नाटक से 4, मध्य प्रदेश से तीन, आंध्र प्रदेश से 4 झारखंड से 2 और गुजरात से 4 सदस्य रिटायर हो रहे हैं।
उपलब्ध करवाए स्केच पेन का उपयोग करने की ही इजाजत
ईसी की ओर से कहा गया है कि मतपत्रों पर अपनी पसंद अंकित करने के लिए सिर्फ रिटर्निंग अधिकारी की तरफ से उपलब्ध करवाए गए स्केच पेन का ही उपयोग करने की इजाजत होगी। ये पेन पहले से तय विशिष्टताओं वाले एकीकृत बैंगनी रंग के होंगे। किसी सदस्य को अन्य पेन यूज करने की इजाजत नहीं होगी।
ये भी पढ़ें : Rajya Sabha Elections 2026: नीतीश सहित NDA के पांचों उम्मीदवारों ने किया नामांकन

