विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्यपाल के इस्तीफे से उठे कई सवाल
West Bengal Governor Resign (द भारत ख़बर), कोलकाता : विधानसभा चुनाव से ठीक कुछ समय पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि इस फैसले को लेकर खुद राज्यपाल या फिर केंद्र सरकार की तरफ से कोई अधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। लेकिन इस तरह से राज्यपाल के इस्तीफे ने कई सवाल खड़े कर दिए है और कई तरह के कयास लगाए जाने शुरू हो गए हैं।
कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि राज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच आपसी मतभेद इस इस्तीफे का कारण बने हैं। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि आने वाले एक दो दिन में स्वंय राज्यपाल या फिर केंद्र सरकार की तरफ से इसपर कुछ बयान सामने आएगा। जिससे स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। ज्ञात रहे कि सीवी आनंद बोस ने 17 नवंबर 2022 को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में पदभार संभाला था।
इस्तीफे के पीछे यह कारण माना जा रहा
राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उनका राज्य सरकार, विशेषकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ कई मुद्दों को लेकर टकराव भी चर्चा में रहा। विश्वविद्यालयों में कुलपति नियुक्ति, विभिन्न विधेयकों पर हस्ताक्षर तथा प्रशासनिक मामलों को लेकर राजभवन और राज्य सरकार के बीच कई बार मतभेद सामने आए थे। सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार और राष्ट्रपति भवन की ओर से इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक जानकारी जारी की जा सकती है। संवैधानिक प्रक्रिया के तहत राज्यपाल का इस्तीफा राष्ट्रपति को भेजा जाता है। इस्तीफा स्वीकार होने के बाद नए राज्यपाल की नियुक्ति या किसी अन्य राज्यपाल को अतिरिक्त प्रभार दिए जाने की संभावना रहती है।
जाने माने लेखक हैं सीवी आनंद
सीवी आनंद बोस प्रशासनिक अधिकारी होने के साथ-साथ एक लेखक भी हैं। उन्होंने अंग्रेजी, हिंदी और मलयालम भाषाओं में करीब 32 किताबें लिखी हैं। इन किताबों में प्रशासन, समाज और विकास से जुड़े विषय शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने सस्ती आवास योजना, सुशासन, विज्ञान और तकनीक, कृषि, शिक्षा और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में कई संस्थानों की स्थापना में भी भूमिका निभाई है।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहुत जरूरी : मोदी

