
आज अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं कुमार विश्वास
Kumar Vishwas Birthday, (द भारत ख़बर), मुंबई: तीस सालों से ज्यादा समय से साहित्य के क्षेत्र में काम कर रहे भारत के सबसे पॉपुलर कवि डॉ. कुमार विश्वास ने न सिर्फ भारत में बल्कि दुनियाभर में पहचान बनाई है। हिंदी भाषा के साथ-साथ उन्होंने अपने देश का नाम भी रोशन किया है। उनकी पहचान सिर्फ एक कवि तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वो अब कथा वाचक भी बन चुके हैं। इसके अलावा लोग उन्हें प्रखर वक्ता, मोटिवेशनल स्पीकर और गीतकार के रूप में भी जानते हैं।
कोई दीवाना कहता है कविता से मिली पहचान
डॉ. कुमार विश्वास आज अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। 10 फरवरी 1970 को उनका जन्म उत्तर प्रदेश के पिलखुवा में हुआ था। साहित्य के क्षेत्र में उन्हें सबसे पहले बड़ी और खास पहचान अपनी कविता कोई दीवाना कहता है से मिली थी। उनका हिंदी सिनेमा से भी ताल्लुक है। उन्होंने अभिनेता जॉन अब्राहम की फिल्म परमाणु: द स्टोरी आॅफ पोखरण (2018) का गीत ह्यदे दे जगह और मिशन रानीगंज का गाना हम साथ चलेंगे तो जीतेंगे लिखा है। इनके अलावा वो इन दिनों भारत की सबसे महंगी फिल्म के लिए भी ये ही काम कर रहे हैं।
भारत की सबसे महंगी फिल्म के हैं गीतकार
देश-विदेश में कवि सम्मलेन और अपने अपने राम के जरिए भगवान श्री राम की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने वाले कुमार विश्वास बॉलीवुड की अपकमिंग फिल्म रामायण के लिए बतौर गीतकार बड़ी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वो फिल्म के संगीतकर एआर रहमान और हांस जिमर के साथ काम कर रहे हैं और इसके गाने लिख रहे हैं।
साल 2025 में फिल्म के बारे में बात करते हुए कवि ने कहा था, इस कहानी के अंदर एक प्राण तत्व है। एक क्रिश्चियन, एक इस्लाम को मानने वाला और एक सनातनी है। फिल्म के गाने करते समय तीनों रोते हैं। भगवान का विदाई का गाना 7 दिन में खत्म हुआ क्योंकि ये पूरा ही नहीं होता था।
4 हजार करोड़ रुपये है फिल्म का बजट
बता दें कि रामायण में भगवान श्री राम का किरदार रणबीर कपूर निभा रहे हैं। माता सीता के रोल में अभिनेत्री साई पल्लवी नजर आएंगी। इसका डायरेक्शन नितेश तिवारी कर रहे हैं और फिल्म के प्रोड्यूसर हैं नमित मल्होत्रा। वहीं इसमें रावण की भूमिका में कन्नड़ स्टार यश नजर आएंगे।
मेकर्स खुलासा कर चुके हैं कि फिल्म दो पार्ट में रिलीज होगी और इसका बजट 4 हजार करोड़ रुपये है। इसी के साथ ये भारत की सबसे महंगी फिल्म है। रामायण का पहला पार्ट 2026 की दिवाली पर और दूसरा पार्ट साल 2027 की दिवाली पर रिलीज होगा।
