
नई दिल्ली. मिजोरम की तरफ से खेलते हुए महज दूसरे ही मुकाबले में चिन्मय सुतार धमाका कर दिया. सोमवार (19 अक्टूबर) को फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 400 रन की पारी खेल तहलका मचा दिया और ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने. इस कारनामा को करने वाले चिन्मय दुनिया के 10वें बल्लेबाज बन गए. 29 साल के इस बैटर ने रणजी ट्रॉफी प्लेट मुकाबले में नागालैंड के खिलाफ 517 गेंद पर नाबाद 400 रन बनाए. इसके साथ ही उन्होंने डॉन ब्रैडमैन, ब्रायन लारा और हनीफ मोहम्मद जैसे दिग्गजों के खास क्लब में जगह बना ली.
चिन्मय सुतार मुंबई के दाएं हाथ के टॉप आर्डर बल्लेबाज हैं. उन्होंने भारत के आयु वर्ग और उभरते खिलाड़ियों के क्रिकेट कार्यक्रमों के जरिए अपना करियर बनाया लेकिन अब बड़े मंच पर धमाल मचा रहे हैं. उन्होंने इस साल जनवरी में जयपुर में महाराष्ट्र के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए डेब्यू किया था. उस समय उन्हें यशस्वी जायसवाल ने डेब्यू कैप दी थी. मुकाबले में वह पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ के थ्रो पर रन आउट हो गए और सिर्फ 2 रन बना सके. ज्यादा मौके हासिल करने के लिए वह मिजोरम चले गए. मणिपुर के खिलाफ 11 अक्टूबर को अपने डेब्यू मैच में उन्होंने 35 और 99 रन की पारियां खेलीं.
29 साल के चिन्मय का जन्म मुंबई में हुआ और उन्होंने अंडर 19 क्रिकेट वहीं पर खेली. इस साल उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए की तरफ से डेब्यू किया था. चिन्मय को 15 साल की उम्र में एक गंभीर बीमारी के कारण तकरीबन 10 से 11 महीने तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ा. उनके करियर को आगे बढ़ाने में इंडिया इमर्जिंग टीम की अहम भूमिका रही. उन्होंने 14 नवंबर 2019 को बांग्लादेश के सावर में नेपाल इमर्जिंग टीम के खिलाफ अपना लिस्ट-ए डेब्यू किया. इसके चार दिन बाद उसी मैदान पर हांगकांग इमर्जिंग टीम के खिलाफ नाबाद 104 रन बनाए.
इसके बाद मीरपुर में पाकिस्तान इमर्जिंग टीम के खिलाफ नाबाद 28 रन की पारी खेली. चिन्मय ने अगस्त और सितंबर 2021 में अल अमीरात में ओमान के खिलाफ मैचों की सीरीज में भी मुंबई का प्रतिनिधित्व किया. वह इंग्लैंड में डिवीजन क्रिकेट भी खेल चुके हैं. इसके अलावा, 2025 मुंबई क्रिकेट लीग (MCL) में उन्होंने मराठा रॉयल्स की ओर से खेलते हुए ऑरेंज कैप जीती थी. इसी इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वह मुंबई क्रिकेट लीग में अच्छा प्रदर्शन करके इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी का ध्यान अपनी ओर खींचना चाहते हैं.
