EPFO News: एक ही कर्मचारी के कई इंप्लॉइज प्रोविडेंट फंड (EPF) अकाउंट की समस्या से निपटने और उन्हें एक जगह बेहतर तरीके से मैनेज करने के लिए, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) का कांसेप्ट लेकर आया था। बार-बार नौकरियां बदलने वाले लोगों को इससे बहुत सहूलियत मिली है, क्योंकि वे अपने सभी EPF अकाउंट को एक UAN की मदद से मैनेज कर सकते हैं। लेकिन कभी-कभी नई कंपनी में नया EPF अकाउंट बनने के साथ ही UAN भी नया बन जाता है। ऐसी स्थिति में हमें पुराने सभी UAN को डिएक्टिवेट करके उनसे लिंक PF खातों के फंड को मौजूदा PF अकाउंट में ट्रांसफर करना होगा। इस रिपोर्ट में हम UAN खातों को मर्ज करने की प्रक्रिया समझेंगे।
अगर आपके पास दो यूएएन हैं, तो सबसे पहले आप पुराने यूएएन को डिऐक्टिवेट करने पर विचार करें। डिऐक्टिवेट करने के दो तरीके हैं।
पहला तरीका
- अगर आपके पास एक से ज्यादा यूएएन हैं, तो इसकी जानकारी अपने इंप्लॉयर या ईपीएफओ को दें।
- आप इस ईमेल आईडी uanepf@epfindia.gov.in पर ईमेल करके पुराने और नए यूएएन के बारे में बता सकते हैं।
- इसके बाद, ईपीएफओ वेरिफिकेशन करेगा।
- आपका पुराना यूएएन ब्लॉक कर दिया जाएगा और नया वाला यूएएन ऐक्टिव रखा जाएगा।
- इसके बाद, आप अपने पुराने ईपीएफ अकाउंट (ब्लॉक किए गए यूएएन से लिंक) को नए अकाउंट में ट्रांसफर करने के लिए क्लेम जरूर सबमिट करें।
यह प्रक्रिया थोड़ी जटिल है और समाधान मिलने की संभावना भी कम है। इसलिए, ईपीएफओ एक नई प्रक्रिया लाया है जिसमें ईपीएफ सदस्य अपने पुराने यूएएन को नए में मर्ज कर सकता है और अपने ईपीएफ खाते के फंड को आसानी से ट्रांसफर कर सकता है। इसके बारे में नीचे जानकारी दी जा रही है।
दूसरा तरीका
- ईपीएफओ मेंबर को अपने पुराने यूएएन वाले ईपीएफ अकाउंट को नए यूएएन में मर्ज करने का अनुरोध करना होगा।
- ईपीएफ ट्रांसफर करने के अनुरोध के बाद ईपीएफओ सिस्टम डुप्लिकेट यूएएन को अपने-आप पहचान लेता है।
- अच्छी तरह से पहचान करने के बाद ईपीएफओ पुराने यूएएन को डिऐक्टिवेट कर देगा और कर्मचारी का पहले वाला मेंबर आईडी नए यूएएन से लिंक हो जाएगा। यूएएन डिऐक्टिवेट होने की सूचना कर्मचारी को एसएमएस के जरिए दी जाती है।
- अगर कर्मचारी ने अपना नया यूएएन ऐक्टिवेट नहीं किया है, तो उससे उसे अपडेट करने का अनुरोध किया जाएगा, ताकि उसे अकाउंट का अपडेटेड स्टेट मिल सके।
अगर आपको बकाया PF मिल जाता है, तो वे नए यूएएन से लिक किए गए PF अकाउंट में चले जाते हैं। समस्याओं से बचने के लिए पुराने EPF से नए EPF में जितना जल्द हो सके ट्रांसफर करें।
यह सिस्टम ईसीआर में नए यूएएन को अपने-आप भरता है।
UAN अकाउंट मर्ज करने से जुड़ी जरूरी बातें
- सुनिश्चित करें कि आपका UAN ऐक्टिव हो।
- UAN से आधार लिंक होना ज़रूरी।
- EPFO पोर्टल पर अपने बैंक अकाउंट, पैन कार्ड और मोबाइल नंबर सहित अपने KYC विवरण की जांच करें और अपडेट करें।

