Haryana News: कुरुक्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। नेशनल हाईवे 152 पर गांव भट्ट माजरा के पास सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक 33 वर्षीय कुलदीप सिंह यमुनानगर जिले के ताहरपुर गांव का निवासी था। हादसे में उसका साथी शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया।
ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर
थाना एसएचओ का कार्यभार संभाल रहे रोहित कुमार ने बताया कि जानकारी के मुताबिक, कुलदीप सिंह अपनी ससुराल गांव जुरासी कलां आया हुआ था। उसके साथ दोस्त शुभम भी था। वे दोनों बाइक पर सवार लौटने के लिए शुक्रवार देर रात को निकले थे। जैसे ही गांव भट्ट माजरा के पास पहुंचे तो एक ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें टक्कर मार दी। इसमें डेंटिंग पेंटिंग का काम करने वाले कुलदीप को ज्यादा चोटें आईं। घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया तो वहां कुलदीप को मृत घोषित कर दिया।
आरोपी की तलाश जारी
जानकारी के अनुसार, करीब 10 साल पहले कुलदीप की शादी हुई थी और उसके दो बेटे हैं। रोहित कुमार ने बताया कि कुलदीप के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है, जबकि आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।


