Rekha Gupta Meeting: राष्ट्रीय राजधानी में चीनी और प्याज की बेलगाम कीमतों पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक अहम बैठक बुलाई है। शाम तीन बजे दिल्ली सचिवालय में यह बैठक होगी। माना जा रहा है कि बैठक के दौरान चीनी और प्याज की बेलगाम कीमतों और बाजार में उनकी मार्केट में उनकी उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी। बैठक में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे।
मौजूदा स्थिति की लेंगी रिपोर्ट
दिल्ली में प्याज और चीनी की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसका असर लोगों के किचन पर पड़ रहा है। ऐसे में दिल्ली सरकार कीमतों को लेकर स्थिति की जानकारी लेगी। अधिकारियों से बाजार की मौजूदा स्थिति की रिपोर्ट भी ली जा सकती है।
उपलब्धता की भी समीक्षा
बैठक के दौरान इस पर भी चर्चा हो सकती है कि बाजार में दोनों चीजों की पर्याप्त उपलब्धता है या नहीं। इसके अलावा, कीमतों में अचानक बढ़ोतरी की वजहों पर भी चर्चा हो सकती है। बैठक के बाद सरकार की ओर से आगे के कदमों को लेकर फैसला लिया जा सकता है.
सरकार की उपलब्धता गिनाईं
इससे पहले, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार दोपहर प्रेस कॉन्फेंस की। उन्होंने दिल्ली में चल रहे विकास कार्यों को लेकर भी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि दिल्ली अब सही दिशा में आगे बढ़ रही है। सरकार पुरानी समस्याओं को दूर करने पर काम कर रही है।
सीवर समस्या दूर करने के काम जारी
रेखा गुप्ता ने कहा कि कई इलाकों में 50 साल पुरानी सीवर लाइन की समस्या थी। अब इन समस्याओं को दूर करने का काम किया जा रहा है। वित्त मंत्रालय के माध्यम से एडीबी से 2,500 करोड़ रुपये का लोन मिला है। डीएमए मीटरिंग का काम भी किया जाएगा।
जल बोर्ड के काम की तारीफ की
मुख्यमंत्री का कहना है कि साउथ वेस्ट जोन में करीब 7096 करोड़ रुपये के वाटर नेटवर्क से जुड़े काम किए जाएंगे। इस दौरान पानी की सप्लाई में होने वाले नुकसान का भी पता लगाया जाएगा। उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड के काम की तारीफ की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग के करीब 18 हजार कर्मचारियों को कैशलेस व्यवस्था से जोड़ा गया है। जल विभाग की जमीनों का भी विश्लेषण किया जाएगा। कुछ योजनाओं और कामों की समय सीमा को आगे बढ़ाया गया है।

