Muskan Murder Delhi: तिलक नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड महावीर नगर इलाके में मॉडल और डीयू की छात्रा मुस्कान की हत्या के आरोपी आकिब उर्फ इमरान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इमरान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी जिम ट्रेनर और फिटनेस इन्फ्लूएंसर था और पीड़िता का परिचित था। इमरान, मुस्कान पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था, जिससे इनकार करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
शादी का बना रहा था दबाव
इमरान पिछले छह महीने से मुस्कान पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। तंग आकर मुस्कान ने चार महीने पहले उससे दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी। आकिब को संदेह होने लगा था कि मुस्कान की किसी और से नजदीकी बढ़ रही है, जिससे वह और अधिक आक्रामक हो गया। वारदात वाले दिन ही आकिब ने इंस्टाग्राम पर लिखा था कि अगर मुस्कान ने उससे शादी नहीं की तो वह अपनी जान ले लेगा।
चाकू से किए थे ताबड़तोड़ वार
मुस्कान चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी, जबकि उसकी दो बड़ी बहनें मुंबई और चंडीगढ़ में रहती हैं। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे इमरान को जानकारी थी कि मुस्कान की मां और छोटा भाई आकाश बाजार गए हैं और वह घर में अकेली है। मौका देखकर आकिब उसके घर में दाखिल हुआ। घर में बहस के बाद उसने रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से मुस्कान के पेट और सीने पर ताबड़तोड़ कई वार किए और लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग निकला। जब शाम को घरेलू सहायिका काम के लिए घर पहुंची, तो उसने बिस्तर पर मुस्कान को खून से लथपथ पाया। पड़ोसियों ने उसे तुरंत अमर लीला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिम में हुई थी दोस्ती
मुस्कान और इमरान की मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले तिलक नगर स्थित सेवन जोन जिम में हुई थी। आकिब के कहने पर ही मुस्कान मॉडलिंग के क्षेत्र में आई थी। हालांकि, इमरान को खराब व्यवहार, रोजाना लेट-लतीफी और बिना सूचना छुट्टियों के कारण तीन महीने पहले जिम से निकाल दिया गया था।

