Punjab News: जालंधर ग्रामीण के जंडू सिंघा गांव में घर के पीछे एक पेड़ से लटकता हुआ एक युवक का शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जंडू सिंघा गांव के रहने वाले तरसेम सिंह के बेटे दविंदर सिंह के तौर पर हुई है। परिवार ने जंडू सिंघा गांव के ही रहने वाले सब-इंस्पेक्टर नवजोत सिंह समेत तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिवार वालों के मुताबिक, 18 अगस्त को CIA स्टाफ में तैनात सब-इंस्पेक्टर नवजोत सिंह, जो उसी गांव के रहने वाले हैं, उनके घर आए थे। इस दौरान दविंदर सिंह और नवजोत सिंह के बीच कथित तौर पर हाथापाई हुई। परिवार का आरोप है कि नवजोत सिंह ने दविंदर को पुलिस के ज़रिए उठा ले जाने की धमकी भी दी थी। परिवार वालों का कहना है कि इस घटना के बाद दविंदर मानसिक रूप से परेशान हो गया था।
Punjab news: राजा वडिंग की BJP को चुनौती, BJP को कसम खानी चाहिए…
परिवार के अनुसार, करीब दो दिन पहले दविंदर ने अपनी जान देने की कोशिश की थी और अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो भी बनाया था। उस समय परिवार ने उसे समझा-बुझाकर ऐसा कदम उठाने से रोक दिया था। हालांकि, सोमवार सुबह घर के पीछे एक पेड़ से उसका शव लटका हुआ मिला। शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिवार का दावा है कि दविंदर सिंह का लिखा एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए CIA स्टाफ के सब-इंस्पेक्टर नवजोत सिंह समेत दो लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
