नई दिल्ली. दुनियाभर में क्रिकेट के दीवानों के लिए अंपायर स्टीव बकनर का नाम बहुत चर्चित है.महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को विवादित तरीके से आउट दिए जाने की वजह से वो चर्चा में रहे. साल 2004 में ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर उनके दिए गए फैसले आज भी क्रिकेट प्रेमी भूल नहीं पाए हैं. सबको सचिन से जुड़ा किस्सा पता है लेकिन पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने जो किया था वो कम लोग जानते हैं. पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने टीम इंडिया के 2004 ऑस्ट्रेलिया दौरे का एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है.
क्रिकेटर से कमेंट्री बॉक्स में अपनी पहचान बनाने वाले आकाश चोपड़ा ने सचिन और सहवाग से जुड़ा बेहद कमाल का किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि कैसे वीरेंद्र सहवाग ने विवादित अंपायर स्टीव बकनर को मैच के दौरान ही ऐसा ताना मारा था जिसका जवाब उनके पास नहीं था. आकाश ने साल 2004 के गाबा टेस्ट मैच की घटना का जिक्र किया. इस मुकाबले के दौरान बकनर ने सचिन तेंदुलकर को जेसन गिलेस्पी की बॉल पर एलबीडब्ल्यू दिया था. इसको लेकर हर किसी ने सवाल उठाया था लेकिन सचिन शालीनता से इस फैसले को मानकर पवेलियन लौट गए थे. सचिन को जिस बॉल पर आउट दिया गया था उसके रिप्ले में साफ दिख रहा था कि बॉल स्टंप के ऊपर से गुजर रही थी, ऐसे में आउट दिया जाना बिल्कुल गलत था. कुछ सालों के बाद स्टीव बकनर ने खुद ही अपने उस फैसले को गलत माना था.

आकाश चोपड़ा ने मैच के दौरान हुआ किस्सा सुनाया और बताया कि सहवाग ने फील्डिंग के दौरान अंपायर स्टीव बकनर के पास जाकर पूछा था.आपकी उम्र कितनी है? चोपड़ा ने कहा,”विरू स्क्वायर लेग पर खड़े स्टीव बकनर के पास गए और पूछा, ‘स्टीव, आपकी उम्र कितनी है?’ बकनर ने कहा, ’52 या 53 साल.’ इस पर वीरू ने तुरंत जवाब दिया, ‘स्टीव, आपको न ठीक से सुनाई देता है, न दिखाई देता है… अब आपको रिटायर हो जाना चाहिए.’”
आकाश चोपड़ा को इस तरह से सहवाग के बकनर को ताना मारे जाने पर हैरानी हुई थी. उन्होंने कहा, “मैंने वीरू से कहा, ‘तुम पागल हो गए हो क्या? अब वह तुम्हें भी आउट दे देगा.’”
आकाश को सहवाग से जो जवाब मिला वो भी कमाल का था. उन्होंने बताया कि वीरू मस्ती भरे अंदाज में कहा था, “अगर वह सचिन को ही गलत फैसले दे रहा है, तो मुझे भी देगा. फिर चुप रहने से क्या फायदा? कम से कम जो कहना है, वह कह तो दूं.”

