नई दिल्ली. क्रिकेट को फनी गेम माना जाता है. मैदान पर कई बार कुछ ऐसा हो जाता है जिस पर खुला आंखों से यकीन करना मुश्किल लगता है. दिल्ली प्रीमियर लीग के एक मुकाबले में जो हुआ इससे पहले शायद ही देखने को मिला था. इंडियन प्रीमियर लीग में लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेलने वाले हिम्मत सिंह नई दिल्ली टाइगर्स की कप्तानी करते हैं. सांसें रोक देने वाले मुकाबले में आखिरी बॉल पर उन्होंने गुस्से में गेंद को लात मार दी और मैच सुपर ओवर में पहुंच गया.
दिल्ली प्रीमियर लीग में कुछ ऐसा देखने को मिला जिससे नई दिल्ली टाइगर्स के कप्तान हिम्मत सिंह एक पल में विलेन से हीरो बन गए. मैच ऐसा था जिसने दोनों टीम के फैंस की सांसे कुल पल के लिए रोक दी थी. पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली टाइगर्स की टीम ने 5 विकेट पर 156 रन बनाए थे. लक्ष्य का पीछा करने उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर को आखिरी बॉल पर जीत के लिए सिर्फ 1 रन बनाना था. बॉल कप्तान के पास आई और छू गई लेकिन फिर जो हुआ उसने मैच को सुपर ओवर में पहुंचा दिया.
What a run out by Himmat Singh 💥
A run out,out of nowhere in Delhi Premier League pic.twitter.com/sqVDV5ieSo— StrangerMan (@_StrangerMan7) August 4, 2026
बारिश की वजह से मैच को 15-15 ओवर का करना पड़ा. कप्तान हिम्मत सिंह की फिफ्टी और लक्ष्य थरेजा के 62 रन की बदौलत टीम ने स्कोर 156 रन तक पहुंचाया. ओपनर यश शर्मा की फिफ्टी की बदौलत वॉरियर्स की टीम ने मैच को आखिरी ओवर तक पहुंचाया. स्कोर 14.5 ओवर में बराबर हो चुका था और मैच टाइगर्स की टीम लगभग हार चुकी थी. प्रथम सलूजा ने शॉट लगाया बॉल नॉन स्ट्राइक एंड के पास खड़े कप्तान हिम्मत सिंह के पास आई वो उसे पकड़ने गए लेकिन हाथ से निकल गई. इसके बाद उन्होंने नीचे गिरी बॉल को निराशा में जोर से लात मारी. किक उनकी टीम के लिए वरदान साबित हुई और गेंद सीधे स्टंप्स से टकराई और बल्लेबाज रन आउट हो गया.
मुकाबला सुपर ओवर में पहुंच गया. यह हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
नई दिल्ली टाइगर्स की ये खुशी ज्यादा देर नहीं टिक पाई क्योंकि सुपर ओवर में उनकी टीम बुरी तरह से नाकाम रही. सुपर ओवर में मोनू शुक्ला ने 3 छक्के जमाते हुए 20 रन बना डाले.लक्ष्य का पीछा करने उतरी नई दिल्ली टाइगर्स के खिलाफ शिवम शर्मा ने लगातार दो गेंद पर हिम्मत सिंह और ऋतिक शोकीन का विकेट चटकाया. टीम 6 रन पर ही ऑलआउट हो गई.

