- युवक के बयान के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच
Haryana Crime, (मेरा हरियाणा), कुरुक्षेत्र: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में कुछ युवकों ने आठवीं कक्षा के एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित स्कूल से घर लौट रहा था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले में परिजनों ने पुलिस से आरोपी युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
कपड़े प्रेस करके परिवार चलाता है पिता
छात्र के पिता ज्ञानेंद्र ने बताया कि वह सेक्टर तीन में कपड़े प्रेस करके अपने परिवार का गुजर बसर करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा महेंद्र गांव कलाल माजरा के सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता है और बीते दिन (मंगलवार) वह स्कूल से साइकिल से घर लौट रहा था तभी कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया।
महेंद्र को पेट के पास मारा है चाकू
ज्ञानेंद्र ने बताया कि महेंद्र को पेट के पास चाकू मारा है और वह लहूलुहान हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। पिता ने बताया कि वारदात की सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे बेटे को अस्पताल पहुंचाया।
परीक्षा भी छूटने की संभावना
पिता ने बताया कि उसके बेटे की परीक्षा भी है और ऐसे में उसकी परीक्षा भी छूटने की संभावना बन गई है। ज्ञानेंद्र ने बताया कि बेटे की परीक्षा छूटी तो उसका एक साल बर्बाद हो जाएगा। इस मामले में संबंधित चौंकी इंचार्ज ने बताया कि घायल युवक के बयान के आधार पर पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Haryana Crime: सोनीपत में शराब कारोबारी की गोली मारकर हत्या की


