पहाड़ों से आ रही हवाओं से बढ़ी सर्दी, कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त
Weather Update (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : उत्तर भारत में मौसम लगातार खराब बना हुआ है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी और मैदानों में पड़ रहे कोहरे और ठंडी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के लिए सर्दी और कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों के लिए आॅरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में बर्फबारी और राजस्थान और उत्तराखंड में घने कोहरे की चेतावनी दी है।
पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं
हिमालय की ऊंची चोटियों से आ रही बफीर्ली हवाओं ने पूरे उत्तर भारत को कड़ाके की ठंड में जकड़ लिया है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। राजधानी दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में पारा गिरकर 0.6 डिग्री तक पहुंच गया। घने कोहरे ने जनजीवन के साथ-साथ यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित किया है।
पश्चिमी विक्षोभ बढ़ाएगा ठंड का प्रकोप
मौसम विभाग का कहना है कि 15 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी बढ़ेगी और मैदानी क्षेत्रों में ठंड का असर और तेज हो सकता है। फिलहाल अगले कुछ दिन उत्तर भारत के लिए चुनौतीपूर्ण बने रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र से आ रही सर्द उत्तरी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मैदानी इलाकों में शीतलहर तेज हुई है। हवा की रफ्तार कम होने और नमी बढ़ने से घना कोहरा छा गया है। दिल्ली, यूपी और हरियाणा के कई इलाकों में दृश्यता शून्य से 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे सुबह के समय हालात और गंभीर हो गए।
पहाड़ों और मैदानों का गिर रहा पारा
उत्तर भारत के कई हिस्सों में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश के कुकुमसेरी में तापमान शून्य से नीचे -10.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। लद्दाख के न्योमा में -19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान के फतेहपुर में पारा 0.4 डिग्री तक लुढ़क गया। उत्तर प्रदेश में बरेली सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया।

