दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल में बंद है बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह
Anant Singh, (द भारत ख़बर), पटना: बाहुबली विधायक अनंत सिंह कल यानी की मंगलवार को विधायक पद की शपथ लेंगे। अनंत सिंह इस समय दुलारचंद यादव हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में पटना के बेऊर जेल में बंद हैं। पटना सिविल कोर्ट के फैसले के बाद उनके शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो गया है। वह शपथ लेने के लिए जेल से बाहर आएंगे।
दुलारचंद हत्याकांड मामले में सिविल कोर्ट से बेल रिजेक्ट होने के बाद बाहुबली ने 24 दिसंबर को हाईकोर्ट में अर्जी दी थी। जल्द ही इस मामले में सुनवाई हो सकती है। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा में 242 विधायक शपथ ले चुके हैं। बाहुबली अनंत सिंह ने शपथ नहीं ली है। अनंत सिंह जेल में बंद हैं। इस कारण शपथ नहीं ले सके।
28206 वोट से जीते थे अनंत सिंह
अनंत सिंह 28206 वोटों के अंतर से मोकामा सीट से जीतकर विधायक बने हैं। उन्हें 91416 वोट मिले। दूसरे नंबर पर राजद की प्रत्याशी वीणा देवी रहीं। उन्हें 63210 वोट मिले। अनंत सिंह की जीत के जश्न में पुराने बंगले में करीब 50 हजार लोगों के लिए भोज की व्यवस्था की गई थी। वहीं विधानसभा चुनाव के रिजल्ट से पहले 1 लाख रसगुल्ले और गुलाब जामुन बनाए गए थे।
2020 में भी जेल से ही चुनाव जीते थे अनंत सिंह
2020 विधानसभा चुनाव में भी अनंत सिंह जेल से ही चुनाव जीते थे। जब विधानसभा का सत्र शुरू हुआ तो उन्होंने शपथ लेने के लिए पैरोल मांगी। जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया और उन्होंने विधानसभा में आकर शपथ ली थी।
इस मामले में जेल में बंद हैं अनंत सिंह
30 अक्टूबर 2025 को मोकामा के घोसवरी थाना क्षेत्र के बसावनचक में राजद नेता और जनसुराज के प्रत्याशी के लिए प्रचार कर रहे दुलारचंद यादव की हत्या की गई थी। आरोप अनंत सिंह पर लगे थे। उन्हें 1 नंवबर की रात गिरफ्तार किया गया था।
2 नवंबर को कोर्ट में पेश करने के बाद बेऊर जेल में डाला गया। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक इस मामले में अब तक 4 एफआईआर दर्ज की गई। बता दें कि पहला केस भदौर थाने में दुलारचंद के पोते नीरज कुमार ने दर्ज कराया। दूसरा अनंत के समर्थक जितेंद्र कुमार ने और तीसरा केस पुलिस ने अपने बयान पर किया है।
ये भी पढ़ें: लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण के दौरान हंगामा

