सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही लाल निशान पर हुए बंद
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : पिछले तीन दिन में जबरदस्त तेजी रहने के बाद आखिरकार शेयर बाजार में यह सिलसिला थम गया। गुरुवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। वहीं आज सप्ताह का अंतिम कारोबारी दिन है। आज यह देखना अहम रहेगा की शेयर बाजार किस दायरे में काम करता है। ज्ञात रहे कि पिछले कुछ सप्ताह से शेयर बाजार की लगातार नकारात्मक साप्ताहिक क्लोंजिग होती रही है। गुरुवार को आई गिरावट के पीछे यूरोपीय बाजारों में गिरावट और भारतीय शेयर बाजार में मुनाफावसूली मुख्य कारण रहा।
इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 503.76 अंक या 0.60 प्रतिशत और गिरकर 83,313.93 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, यह 666.07 अंक या 0.79 प्रतिशत गिरकर 83,151.62 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 133.20 अंक या 0.52 प्रतिशत गिरकर 25,642.80 पर बंद हुआ। सेंसेक्स सूची में शामिल कंपनियों में से, इटरनल, भारती एयरटेल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटीसी, इंफोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक और एशियन पेंट्स प्रमुख रूप से पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल थीं। वहीं ट्रेंट, टाटा स्टील, स्टेट बैंक आॅफ इंडिया और बजाज फाइनेंस को लाभ हुआ।
सोने और चांदी की कीमत भी हुई कम
तीन दिन की तेजी के बाद गुरुवार को भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं सोना और चांदी के दाम दोबारा से गिर गए। बाजार बंद होने के समय सोना बुधवार के अपने स्तर से 4500 रुपए प्रति दस ग्राम नीचे बंद हुआ जबकि चांदी पिछले स्तर से 30300 रुपए प्रति किलो टूट गई। जानकारों ने इस गिरावट के पीछे वैश्विक स्तर पर बिकवाली और अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने को मुख्य कारण बताया है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में भी इन दोनों धातुओं की कीमतों में अस्थिरता इसी तरह से बनी रहेगी।
इस तरह रहे दोनों धातुओं के दाम
दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी 10.16 प्रतिशत गिरकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वहीं सोना लगभग 3 प्रतिशत गिरकर 1.6 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च डिलीवरी के लिए चांदी की कीमत 26,850 रुपये या 10 प्रतिशत गिरकर 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले सत्र में चांदी की कीमत 2,68,850 रुपये प्रति किलोग्राम थी।

