PM Modi Vadodara Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के वडोदरा पहुंचे, जहां उन्होंने 35,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान सबसे बड़ा फोकस रेलवे, माल ढुलाई और हाईवे कनेक्टिविटी पर रहा। प्रधानमंत्री ने वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन अहम हिस्सों को देश को समर्पित किया। इसके साथ ही पूरे पश्चिमी माल ढुलाई गलियारे के पूरा होने का रास्ता साफ हो गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नई रेल लाइन, रेलवे लाइन के दोहरीकरण और हाईवे से जुड़ी कई परियोजनाओं की भी शुरुआत की।
इन परियोजनाओं का मकसद गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करना, माल और यात्रियों की आवाजाही आसान करना है। प्रधानमंत्री ने वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के 326 रूट किलोमीटर लंबे तीन सेक्शन राष्ट्र को समर्पित किए। इन पर 20,700 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हुए हैं। इन तीन सेक्शन में न्यू साणंद (उत्तर)-न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-न्यू जेएनपीटी शामिल हैं। इनके चालू होने से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी (JNPA) तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे बंदरगाहों और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच माल की आवाजाही तेज होने की उम्मीद है।
अब पूरा वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर होगा चालू
प्रधानमंत्री ने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर देश के तेज विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। पहले यात्री और मालगाड़ियों को कई जगह एक ही रेल नेटवर्क का इस्तेमाल करना पड़ता था। इससे दोनों तरह की ट्रेनों पर दबाव रहता था। अब मालगाड़ियों के लिए अलग ट्रैक मिलने से माल ढुलाई तेज करने में मदद मिलेगी। सरकार के मुताबिक, इससे लॉजिस्टिक्स लागत कम करने, ट्रांजिट टाइम घटाने और मुंबई के व्यस्त रेल नेटवर्क पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री ने इस परियोजना को भारत के बदलते इंफ्रास्ट्रक्चर और काम करने की नई गति का उदाहरण बताया।
कांग्रेस पर पीएम मोदी का निशाना
वडोदरा की जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने पिछली कांग्रेस सरकार पर विकास परियोजनाओं को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का विचार 2004 में आया था और 2006 में इसके लिए एक विशेष कंपनी बनाई गई थी, लेकिन 2014 तक काम की रफ्तार धीमी रही। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद उनकी सरकार ने इस परियोजना पर तेजी से काम किया और अब इसका बड़ा नेटवर्क तैयार हो चुका है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अब कुछ लोग पूछेंगे कि इससे ट्रक चालकों का क्या होगा। उन्होंने ‘नाराज फूफा’ वाला तंज भी कसा और राहुल गांधी का नाम लिए बिना विपक्ष पर निशाना साधा।

