वेस्टइंडीज के गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड ने रचा इतिहास, स्कॉटलैंड के खिलाफ हासिल की उपलब्धि
T20 World Cup 2026 Live (द भारत ख़बर), खेल समाज : टी20 विश्व कप का रोमांच शुरू हो चुका है। विश्व कप के आगाज के पहले ही दिन वेस्टइंडीज के गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड ने बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। गत दिवस स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान गेंदबाजी करते हुए उन्होंने हैट्रिक लेने का कारनामा कर दिखाया। इसके साथ ही पहले ही दिन दर्शकों को क्रिकेट का पूरा रोमांच देखने को मिला।
शेफर्ड ने अपनी धारदार गेंदबाजी से वेस्टइंडीज की जीत की राह आसान बना दी। मैच की दूसरी पारी में जब स्कॉटलैंड वेस्टइंडीज द्वारा निर्धारित लक्ष्य का पीछा कर रहा था तो शेफर्ड ने 17वें ओवर की दूसरी, तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार तीन विकेट झटककर उन्होंने न केवल अपनी टीम की जीत पक्की की, बल्कि वर्ल्ड कप के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया।
इन खिलाड़ियों को दिखाई पवेलियन की राह
शेफर्ड के इस ऐतिहासिक स्पेल की शुरूआत 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर हुई, जब उन्होंने मैथ्यू क्रॉस को पवेलियन का रास्ता दिखाया। क्रॉस ने बाहर जाती गेंद को बैकवर्ड पॉइंट की तरफ खेलने की कोशिश की, जहां तैनात रदरफोर्ड ने कोई गलती नहीं की। अगली ही गेंद पर शेफर्ड ने खतरनाक माइकल लीस्क को कप्तान रोवमैन पॉवेल के हाथों लॉन्ग-आॅन पर कैच आउट कराया। इसके बाद ओवर की तीसरी गेंद पर माइकल लीस्क को भी आउट कर दिया। लीस्क को शेफर्ड ने पॉवेल के हाथों कैच आउट कराया। हैट्रिक बॉल पर शेफर्ड ने अपनी चतुराई का बेहतरीन नमूना पेश किया। नए बल्लेबाज ओलिवर डेविडसन के लिए उन्होंने ‘सीम-अप’ गेंद डाली, जो टप्पा खाने के बाद तेजी से अंदर की तरफ आई।
डेविडसन ड्राइव मारने के चक्कर में पूरी तरह बीट हुए और गेंद सीधे उनके आॅफ-स्टंप से जा टकराई। क्लीन बोल्ड होते ही शेफर्ड मैदान पर दौड़ पड़े और अपनी इस उपलब्धि का जश्न अपने साथी खिलाड़ियों के साथ मनाया। शेफर्ड की खतरनाक गेंदबाजी की बदौलत वेस्ट इंडीज ने यह मैच आसानी से जीत लिया और विश्व में अपने अभियान का विजयी आगाज किया।

