सुपर आठ के पहले ही मैच में भारतीय टीम की शर्मनाक हार, फिर फ्लॉप साबित हुए बल्लेबाज, टीम मात्र 111 रन पर सिमटी
Ind vs SA T20 Match (द भारत ख़बर), खेल डेस्क : आखिरकार भारतीय टीम की बल्लेबाजी एक बार फिर से फ्लॉप साबित हुई और टीम ने सुपर आठ का पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से 76 रन से हार गई। ज्ञात रहे कि टीम इंडिया की विश्व कप में लगातार 12 मुकाबले जीतने के बाद यह पहली हार है। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में भारत की बल्लेबाजी काफी खराब रही और टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर आॅलआउट हो गई। इस तरह दक्षिण अफ्रीका ने यह मुकाबला 76 रनों से अपने नाम किया।
विश्व कप के शुरू से लय में नहीं बल्लेबाज
इस विश्व कप के शुरू होने के बाद से गु्रप स्टेज के चारों मैच बेशक टीम इंडिया जीत गई थी लेकिन पहले मैच से ही बल्लेबाज लय में नहीं थे। टीम अपने पहले ही मुकाबले में अमेरिका जैसी नई टीम के सामने 76 रन पर पांच विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी थी जहां से कप्तान सूर्य के नाबाद 89 रन की पारी आई और टीम जीतने में सफल रही। इसके बाद लगातार कोई न कोई खिलाड़ी हर मैच में टीम के लिए अच्छा करता रहा लेकिन टीम का बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह से बेरंग और लय से दूर दिखाई दिया। जिसका खामियाजा गत रात्रि दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजी आक्रमण के सामने दिखाई दिया।
टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार
भारत ने 2023 वनडे विश्व कप फाइनल के बाद आईसीसी के किसी टूनार्मेंट में पहला मैच गंवाया है। किसी भी प्रारूप में भारत की आईसीसी टूनार्मेंट में 18 मैचों बाद यह पहली हार है। वहीं, 2024 टी20 विश्व कप से लेकर अब तक इस टूनार्मेंट में भारत ने लगातार 12 मैच जीते थे, लेकिन अब यह सिलसिला टूट गया है। इतना ही नहीं, टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से भारत की यह सबसे बड़ी हार है। वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय टीम की रनों के लिहाज से यह दूसरी बड़ी हार है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने भारत को 2019 में 80 रनों से हराया था।
शून्य पर आउट हुए चार बल्लेबाज
भारत की बल्लेबाजी इस मैच में इतनी खराब रही कि उसके चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। ईशान किशन, रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह का खाता नहीं खुला। वहीं, तिलक वर्मा (1) और अर्शदीप सिंह (1) दहाई अंक के आंकड़े पर नहीं पहुंचे। भारत के लिए सबसे ज्यादा रन शिवम दुबे ने बनाए जो 37 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। इनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव 18, हार्दिक पांड्या 18 और वॉशिंगटन सुंदर 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को यानसेन ने चार विकेट लिए, जबकि केशव महाराज को तीन, कॉर्बिन बॉश को दो और एडेन मार्करम को एक विकेट मिला।

