दिन का तापमान 28 डिग्री के आसपास, आने वाले दिनों में तेजी से बढ़ेगा तापमान
Weather Update Today (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : जैसे-जैसे फरवरी समाप्त होने की तरफ बढ़ रहा है। वैसे-वैसे ही फिजाओं में गर्माहट उतरने लगी है। खासकर सर्दी का समापन होने के बाद उत्तर भारत में तापमान में तेजी से वृद्धि दर्ज की जा रही है। पंजाब, हरियाणा, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कई जगह तापमान 27-28 डिग्री तक पहुंच चुका है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों में आने वाले दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री और इजाफा होन की संभावना है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि इस बार समय से पहले गर्मी दस्तक दे सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों के दौरान अभी और गर्मी बढ़ेगी और अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान पंजाब के बठिंडा में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहाड़ों में अभी भी हो रही बर्फबारी
आईएमडी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में भी ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। कुल्लू, किन्नौर और धर्मशाला में हल्की बारिश हुई, जबकि मनाली में दिन के समय धूप खिली रही। राज्य में तापमान का अंतर काफी साफ नजर आया।ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश में 26-28 फरवरी के दौरान हल्की बारिश के साथ बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा अपडेट के अनुसार उत्तराखंड के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती प्रसार सक्रिय है, जिसका असर पहाड़ी जिलों में दिखाई देने लगा है।
श्रीनगर में सामान्य तापमान करीब10 डिग्री ज्यादा
मौसम के बदले मिजाज का खामियाजा जम्मू-कश्मीर के लोगों को सबसे ज्यादा भुगतना पड़ रहा है। जम्मू के साथ ही कश्मीर घाटी में भी ज्यादातर जगहों पर, खासकर मैदानी क्षेत्रों में अधिकमत तापमान सामान्य से 8-12 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर बना हुआ है। लोगों का गर्मी से बुरा हाल है। श्रीनगर में दिन का तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 9.7 डिग्री ज्यादा है। पहलगाम में 17.5 डिग्री, गुलमर्ग में 10 डिग्री, जम्मू में 25 डिग्री और कठुआ में 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दिन में हल्की गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और रात अभी भी ठंड बनी हुई है।
दिल्ली में चढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार अब एक मार्च तक लगातार तापमान में इजाफा होगा। 26 फरवरी तक तापमान 32 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 13-15 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं 27 फरवरी से 1 मार्च तक अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें : Jharkhand Air Ambulance Crash : एएआईबी करेगा चतरा एयर एंबुलेंस हादसे की जांच

