अब इजराइल में भारतीय यूपीआई चलेगा, दोनों देशों के बीच जल्द ही फ्री ट्रेड एग्रीमेंट होगा
PM Narendra Modi Israel Visit Update, (द भारत ख़बर), तेल अवीव: पीएम मोदी के इजराइल दौरे का आज दूसरा और आखिरी दिन है। दौरे के दूसरे दिन सबसे पहले भारतीय पीएम ने यरूशलम के होलोकॉस्ट मेमोरियल याद वाशेम पहुंचकर हिटलर के नाजी शासन में मारे गए 60 लाख यहूदियों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद इजराइली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात की। इस दौरान इसाक ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ी है, जो पूरी दुनिया का ध्यान खींच रही है। वहीं, पीएम मोदी ने इजराइली राष्ट्रपति को भारत आने का न्योता दिया।
फिर पीएम मोदी और इजराइली पीएम नेतन्याहू ने द्विपक्षीय मीटिंग के बाद जॉइंट प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान बताया गया है कि इजराइल में भी अब भारत का यूपीआई पेमेंट सिस्टम चलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत जल्द इजराइल के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट करेगा। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में दोनों देशों ने विज्ञान, तकनीक, नवाचार, साइबर सिक्योरिटी, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा, व्यापार और लोगों के बीच संपर्क समेत कई क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने पर सहमति जताई।
भारत और इजराइल के बीच 16 एमओयू और समझौते साइन हुए
इस दौरा विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद करीब 16 एमओयू और समझौतों का आदान-प्रदान हुआ। ये समझौते विज्ञान, तकनीक, नवाचार, साइबर सिक्योरिटी, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा, व्यापार और आर्थिक सहयोग समेत कई क्षेत्रों से जुड़े हैं। भारत-इजराइल संबंधों को स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फॉर पीस, इनोवेशन एंड प्रॉस्पेरिटी तक अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया है। यह फैसला दोनों देशों के बीच गहरे विश्वास और मजबूत साझेदारी का प्रतीक है।
स्पीकर आॅफ द नेसेट मेडल पाने वाले पीएम मोदी पहले शख्स
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि भारत-इजराइल संबंधों को मजबूत करने में योगदान के लिए पीएम मोदी को इजराइली संसद का सम्मान मिला। स्पीकर आॅफ द नेसेट मेडल पाने वाले पीएम मोदी पहले शख्स हैं। मिस्री ने बताया कि आज सुबह पीएम मोदी ने यद वाशेम, वर्ल्ड होलोकॉस्ट रिमेम्ब्रेंस सेंटर में होलोकॉस्ट पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से मुलाकात की और राष्ट्रपति भवन परिसर में एक पेड़ मां के नाम पहल के तहत ओक का पौधा लगाया।
ये भी पढ़ें: UNHRC 61st Session: जम्मू-कश्मीर का विकास पाकिस्तान की आर्थिक परेशानियों से बिल्कुल अलग : अनुपमा सिंह

