8-9 अप्रैल को हो सकता है बिहार में नई सरकार का गठन, जदयू पहली बार सत्ता में भाजपा के नीचे होगी
Bihar Breaking News (द भारत ख़बर), पटना : बिहार की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत जल्द हो जाएगी। इस बार बिहार में जदयू और लोजपा नहीं बल्कि भाजपा सीएम बनेंगे। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भापजा सीएम पद पर किसे विराजमान करेगी लकिन यह तय है कि 10 अप्रैल के आसपास बिहार में भाजपा अपने सीएम के हाथ में सत्ता सौंप देगी।
जानकारी के अनुसार सीएम नीतीश कुमार 8 या 9 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। जदयू के वरिष्ठ नेता के मुताबिक नीतीश के इस्तीफे के बाद निशांत को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। योजना उन्हें जल्द ही नीतीश की जगह पार्टी का अध्यक्ष बनाने की भी है। इसके तत्काल बाद नई सरकार का गठन कर दिया जाएगा।
किसके हाथ होगी सत्ता की चाबी यह तय नहीं
जदयू के वरिष्ठ नेता ने बताया कि भाजपा नेतृत्व ने सीएम नीतीश को नए सीएम के चयन में उनकी पसंद का ख्याल रखने का आश्वासन दिया है। चूंकि इस बदलाव के बाद पहली चुनौती राज्य में लव-कुश समीकरण (कुर्मी व कुशवाह जाति) को बरकरार रखने की है। कुर्मी बिरादरी के निशांत का डिप्टी सीएम बनता तय है, ऐसे में वर्तमान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी नए सीएम हो सकते हैं। सम्राट की सीएम नीतीश से नजदीकी भी है। हालांकि उक्त नेता ने कहा कि फिलहाल मुख्यमंत्री पद के लिए औपचारिक तौर पर कोई बातचीत नहीं हुई है।
निशांत का डिप्टी सीएम बनना तय
निशांत का डिप्टी सीएम बनना और अपने पिता नीतीश की विधान परिषद की सीट पर उपचुनाव लड़ना तय है। दूसरा डिप्टी सीएम कौन होगा, इस पर विमर्श जारी है। जदयू को डिप्टी सीएम के दो पद सहित भाजपा के बराबर 15 मंत्री पद दिए जाएंगे। पहले की तरह गृह विभाग और विधानसभा स्पीकर का पद भाजपा के पास ही रहेगा। इसके साथ ही जदयू पहली बार राज्य में आधिकारिक रूप से भाजपा के छोटे भाई की भूमिका में होगी।
अन्य दलों को मिलेगी इतनी हिस्सेदारी
नई सरकार में लोजपा (आर) को 2 और आरएलएम व हम को 1-1 मंत्री पद दिए जाएंगे। चूंकि नई सरकार में दोनों डिप्टी सीएम जदयू के होंगे, इसलिए विभागों के बंटवारे पर राजग को नए सिरे से माथापच्ची करनी होगी। हालांकि यह तय है कि विधान सभा अध्यक्ष का पद और गृह विभाग पहले की तरह भाजपा के पास ही रहेगा।
ये भी पढ़ें : US-Iran War Update : हम अपने शहीदों के खून का बदला लेंगे : खामेनेई

