कहा- पुलिसकर्मियों का आरोपियों के फोटो-वीडियो अपलोड करना चिंताजनक, यह निष्पक्ष सुनवाई के लिए खतरा, आरोपी की इमेज खराब होती है
Supreme Court, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने मोबाइल फोन को मीडिया बनाने और सोशल मीडिया पर तुरंत वीडियो अपलोड करने की बढ़ती प्रवृत्ति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। अदालत ने कहा कि ऐसी गतिविधियां आरोपियों की निष्पक्ष सुनवाई के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं और आरोपियों के खिलाफ पहले ही माहौल बन जाता है। सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस बागची और जस्टिस विपुल पंचोली की बेंच ने शुक्रवार को एक याचिका पर सुनवाई की। इसमें कहा गया है कि पुलिस आरोपियों के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर डालकर लोगों के मन में पूर्वाग्रह पैदा कर रही है। याचिका हेमेंद्र पटेल ने दायर की है।
व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचती है
याचिकाकर्ता ने कहा कि पुलिस आरोपियों की हथकड़ी लगी, रस्सियों से बंधी या अपमानजनक स्थिति वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाल रही है। इससे व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचती है और जनता में पूर्वाग्रह बनता है। कोर्ट ने इस पर सहमति जताते हुए इसे गंभीर चिंता का विषय माना है।
हर कोई खुद को मीडिया समझने लगा है
याचिकाकर्ता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट पहले भी राज्यों को पुलिस मीडिया ब्रीफिंग के लिए गाइडलाइन बनाने को कहा जा चुका है, जिसमें सोशल मीडिया पोस्ट भी शामिल होंगे। आज हर मोबाइल फोन रखने वाला व्यक्ति खुद को मीडिया समझने लगा है।
यह डिजिटल अरेस्ट जैसा ट्रेंड
सीजेआई सूर्यकांत ने कहा, यह स्थिति डिजिटल अरेस्ट जैसी बनती जा रही है। छोटे शहरों में लोग खुद को मीडियाकर्मी बताकर गाड़ियों पर स्टीकर लगाते हैं और इसका गलत इस्तेमाल करते हैं। सुनवाई में यह भी सामने आया कि कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट के स्टिकर लगाकर टोल टैक्स से बचने की कोशिश करते हैं। कोर्ट ने यह भी साफ किया कि जांच एजेंसी का काम निष्पक्ष रहना है वह न पीड़ित के पक्ष में होती है, न आरोपी के।
सुनवाई में सहारा बनाम सेबी केस का जिक्र
सुनवाई के दौरान सहारा बनाव सेबी केस का जिक्र हुआ, जिसमें मीडिया ट्रायल के खतरे पर सुप्रीम कोर्ट पहले ही चिंता जता चुका है। कोर्ट ने कहा कि आज सोशल मीडिया के कारण यह खतरा और बढ़ गया है, जिससे कानून का राज प्रभावित हो सकता है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा सोशल मीडिया पर कुछ प्लेटफॉर्म ऐसे हैं जो ब्लैकमेलर की तरह काम करते हैं और माहौल बिगाड़ते हैं।
अप्रैल के बाद दोबारा दायर करें याचिका
कोर्ट ने बताया कि पुलिस को मीडिया ब्रीफिंग के लिए एसओपी बनाने के लिए 3 महीने का समय दिया गया है। बेंच ने सुझाव दिया कि याचिका को अभी वापस लेकर अप्रैल के बाद, एसओपी लागू होने के बाद फिर से दायर किया जाए।
ये भी पढ़ें : UP News: कानपूर में कल शाम स्कूटर में रखे पटाखों में हुआ धमाका, 8 लोग जख्मी