लगातार तीसरे सप्ताह आई गिरावट, स्वर्ण भंडार में गिरावट रही मुख्य कारण
Foreign Exchange Reserves (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : बीता सप्ताह भारत के लिए आर्थिक मोर्चे पर कुछ खास नहीं रहा। वैश्विक घटनाओं के चलते भारत की आर्थिक नीति लगातार दबाव में रही। यही कारण है कि एक तरफ जहां भारतीय मुद्रा डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई वहीं भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में भी लगातार तीसरे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट के साथ भारत का विदेशी मुद्रा भंडार एक बार फिर से 700 अरब डॉलर से नीचे खिसक गया।
रिजर्व बैंक आॅफ इंडिया द्वारा जारी किए गए आकड़ों की बात करें तो भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 11.413 अरब डॉलर घट गया। यह गिरावट मुख्य रूप से स्वर्ण भंडार में तेज कमी के कारण हुई है। अब कुल विदेशी मुद्रा भंडार 698.346 अरब डॉलर रह गया है। भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से 20 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह के लिए विदेशी मुद्रा भंडार के आंकड़े जारी किए गए है।
फरवरी में छूआ था सर्वकालिक उच्च स्तर
इससे पिछले रिपोर्टिंग सप्ताह में भी कुल भंडार 7.052 अरब डॉलर घटकर 709.759 अरब डॉलर हो गया था। इस साल 27 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह में यह भंडार 728.494 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। यह वृद्धि पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने से पहले दर्ज की गई थी। 20 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह के लिए, विदेशी मुद्रा संपत्ति में वृद्धि दर्ज की गई। यह भंडार का एक प्रमुख घटक है। हालांकि, सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 13.495 अरब डॉलर कम हो गया। अब स्वर्ण भंडार 117.186 अरब डॉलर पर आ गया है।
रुपये में गिरावट लगातार जारी
भारतीय मुद्रा पर दबाव लगातार बना हुआ है। यह डॉलर के मुकाबले लगातार कमजोर हो रही है। यही कारण है कि शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी रुपए में डॉलर के मुकाबले बड़ी कमजोरी देखी गई। दिन का कारोबार शुरू होते ही रुपया लाल निशान पर पहुंच गया। इसके बाद पूरा दिन यह गिरावट में रहा और दिन का कारोबार समाप्त होने के समय यह प्रति डॉलर 89 पैसे की भारी गिरावट के साथ 94.85 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले बुधवार को यह 93.96 पर बंद हुआ था (गुरुवार को रामनवमी के कारण बाजार बंद थे)।
पिछले तीन दिन इस तरह रहा प्रदर्शन
रुपये में यह गिरावट विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार निकासी और ईरान संकट के कारण हुई है, जिससे बाजार की धारणा प्रभावित हुई है। बुधवार को पिछले सत्र में रुपया 29 पैसे फिसलकर 94 के स्तर को पार कर 94.05 पर बंद हुआ था। रुपये में गिरावट का यह सिलसिला मंगलवार से जारी है। मंगलवार को रुपया 23 पैसे कमजोर होकर 93.76 पर बंद हुआ था। बुधवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 93.94 पर खुला और 93.86 से 94.08 के बीच कारोबार करने के बाद अपने अब तक के सबसे निचले बंद स्तर पर पहुंचा। मध्य पूर्व में जारी तनाव भी रुपये पर दबाव डाल रहा है।
ये भी पढ़ें : Share Market Update : निवेशकों को शेयर बाजार ने किया निराश

