Haryana News: हरियाणा के यमुनानगर में जगाधरी के चुना भट्ठी इलाके में शुक्रवार देर रात खाना खा रहे तीन लोगों पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना में ऋषि पाल नामक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि गुरलीन व कमलजीत घायल हो गए।
घायलों का चल रहा इलाज
घायलों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसपी कमलदीप गोयल ने घटनास्थल का दौरा किया। जानकारी के अनुसार मृतक ऋषिपाल गांव मंधार का रहने वाला था। घायल गुरलीन मंधार का और कमलजीत मुसींबल का रहने वाला है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने गांव मुसीबंल में सर्वजीत कौर के घर पर कई राउंड फायर की लेकिन वहां कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस की सीआईए आदि टीमों ने भी घटना स्थल पर पहुंच जांच शुरू की। जगाधरी शहर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीमों ने बदमाशों की धर पकड़ शुरू कर दी है।

