Indigo increased charges: इंडिगो एयरलाइंस से यात्रा अब महंगी पड़ने वाली है। एयरलाइन ने गुरुवार को अतिरिक्त सामान, छोटे बच्चों के साथ यात्रा, अकेले यात्रा करने वाले नाबालिगों और प्रायोरिटी चेक-इन व बोर्डिंग के लिए शुल्क बढ़ाने की घोषणा की। सूत्रों के अनुसार, शुल्क में यह बदलाव अतिरिक्त सेवाओं के लिए शुल्क की समीक्षा और उन्हें अपडेट करने की इंडिगो की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है।
अतिरिक्त सामान ले जाना महंगा
संशोधित शुल्क संरचना के तहत, इंडिगो ने अतिरिक्त सामान का शुल्क 700 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़ाकर 800 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया है, जिससे हर अतिरिक्त किलोग्राम के लिए 100 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। जो यात्री अपनी तय सीमा से ज्यादा सामान ले जाएंगे, उन्हें ज्यादा फीस देनी होगी।
बच्चों के साथ यात्रा का शुल्क बढ़ा
एयरलाइन ने तीन दिन से दो साल की उम्र के बच्चों के लिए भी शुल्क बढ़ा दिया गया है। यह चार्ज 2,000 रुपये से बढ़कर 3,000 रुपये हो गया है। इस नियम के तहत, बच्चों को अलग सीट नहीं दी जाती है, लेकिन यात्रियों को फिर भी उनके लिए टिकट बुक करना होता है।
अकेले नाबालिग की यात्रा भी महंगी
बिना किसी वयस्क के यात्रा करने वाले बच्चों के सर्विस के चार्ज में भी बदलाव किया गया है। घरेलू उड़ानों में, बिना किसी वयस्क के यात्रा करने वाले 5 से 12 साल के बच्चों के लिए शुल्क 5,000 रुपये से बढ़कर 5,999 रुपये हो गया है। इंटरनेशनल उड़ानों में, बिना किसी वयस्क के यात्रा करने वाले बच्चों की सर्विस का खर्च 12,999 रुपये होगा।
फास्ट फॉरवर्ड सर्विस की कीमत बढ़ी
एयरलाइन ने अपनी ‘फ़ास्ट फ़ॉरवर्ड’ सर्विस की कीमत भी बढ़ा दी है, जो यात्रियों को प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग की सुविधा देती है। इसका चार्ज 500 रुपये से बढ़ाकर 650 रुपये कर दिया गया है, जबकि इंटरनेशनल उड़ानों के लिए चार्ज 850 रुपये प्रति सेक्टर है।

