पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में फसलें बर्बाद, किसानों को नुकसा, आज से मौसम साफ होने की उम्मीद
Weather Update Today (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर पश्चिमी भारत में पिछले कुछ दिन से मौसम लगातार परिवर्तनशील है। एक तरफ जहां पहाड़ी राज्यों में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि से ठंड लौट आई है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ है। वहीं मैदानी भागों में भी मौसम के इस बदलाव से पारा कम हुआ है। हालांकि अप्रैल में मौसम के बिगड़े तेवरों का सबसे ज्यादा नुकसान किसानों का हुआ है।
बारिश और ओलावृष्टि के चलते पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व राजस्थान में बड़े स्तर पर किसानों की पकी हुई फसल बर्बाद हो गई है। जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। विशेषकर पंजाब में जहां धान की फसल बाढ़ की भेंट चढ़ गई थी वहीं अब गेहूं की फसल बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद हो गई है। हालांकि प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने किसानों को खराब फसलों का मुआवजा देने की बात कही है।
कश्मीर-हिमाचल में कई जगह भूस्खलन
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात के साथ मूसलाधार बारिश हुई। कई जगह भूस्खलन होने से राजमार्ग समेत कई रास्ते बंद हो गए और सैकड़ों वाहन रास्तों में फंस गए। दिल्ली-एनसीआर यूपी समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई, हालांकि, कुछ क्षेत्रों में फसलों को नुकसान पहुंचने की भी सूचना है।
आईएमडी के अनुसार इस तरह रहा मौसम
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हिमपात के साथ भारी बरसात हुई। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी व पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले मैदानी क्षेत्र, झारखंड और ओडिशा में कुछ स्थानों पर 30-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और बारिश हुई। ओडिशा में कई स्थानों और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी वर्षा दर्ज की गई। झारखंड, तेलंगाना, बंगाल, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। पूर्वोत्तर के सभी राज्यों, कोंकण और गोवा, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में भी कुछ स्थानों पर बारिश हुई।
ये भी पढ़ें : US-Iran Ceasefire : अमेरिका-ईरान युद्ध विराम, किसकी जीत-किसकी हार

